world-news

हिंसा के खिलाफ स्टैंड लेने पर सलमान खान ने की YUNG DSA की तारीफ, बोले- 'उसने वो जिंदगी देखी है' - India TV Hindi

October 17, 2026

'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' प्रोमो में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने घर के अंदर हिंसा के खिलाफ स्टैंड लेने के लिए 'यंग डीएसए' की तारीफ की। उन्होंने शो के यंग कंटेस्टेंट की समझदारी और तनाव के माहौल में भी अपनी बात तर्क के साथ रखने की काबिलियत की तारीफ की। हाल ही में गुल्लू और नकुल के बीच हुई हाथापाई के दौरान 'यंग' ने जिस तरह स्टैंड लिया। वह चर्चा का विषय बन गया है और वीकेंड का वार एपिसोड में उनका यह फैसला सबका ध्यान खींचने वाला है।

गुल्लू और नकुल की हाथापाई से डर गए कंटेस्टेंट्स

गुल्लू और नकुल के बीच हुई हिंसक घटना से घर के कंटेस्टेंट्स के बीच काफी तनाव पैदा हो गया और घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। इस घटना के बाद कई कंटेस्टेंट्स ने अपनी नाराजगी जताई और उसे शो से बाहर निकालने की मांग की। उनका कहना था कि वे उसके आसपास खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। अगर वह लड़ाई के दौरान इस हद तक जा सकता है तो पता नहीं किसी टास्क के दौरान वह क्या कर बैठेगा।

हिंसा के खिलाफ यंग डीएसए ने उठाई आवाज

बिग बॉस हाउस में गुल्लू और नकुल के बीच हुए हंगामे के दौरान यंग डीएसए ने जिस समझदारी से स्थिति संभाली और अपनी बात रखी, वह काबिले तारीफ था। भले ही नकुल और यंग के बीच अच्छी दोस्ती थी, लेकिन यंग ने हिंसा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, 'मुझे पता चल जाता है कि कोई कब किसी को मारने वाला है। नकुल का इरादा गुल्लू को मारने का था और मैं इस तरह के व्यवहार का समर्थन नहीं करूंगा। मैं शारीरिक हिंसा का बिल्कुल भी समर्थन नहीं करता।'

सलमान खान ने की यंग डीएसए की तारीफ

'वीकेंड का वार' में सलमान खान ने यंग के इस रवैये की तारीफ की। उन्होंने यंग के समझदारी भरे व्यवहार और हालात को समझने की उनकी क्षमता की तारीफ की। सलमान ने कहा, 'गुस्सा आना स्वाभाविक है, लेकिन गुस्से और हिंसक स्वभाव के बीच बहुत बड़ा फर्क होता है। यंग इस सीजन के युवा कंटेस्टेंट में से एक है फिर भी उसने बहुत तार्किक बात कही। ऐसा इसलिए है, क्योंकि उसने जिंदगी को करीब से देखा है। यंग, तुम्हें सलाम!'

यंग डीएसए का असली नाम क्या है?

बता दें कि यंग डीएसए का असली नाम हर्ष विजय मचारे है, जो पुणे के रैपर हैं। उनके गाने 'येडा यंग' को हाल ही में यूट्यूब पर 100 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। वह 'बिग बॉस' सीजन 20 के युवा कंटेस्टेंट्स में से एक हैं।

ये भी पढ़ें - स्काउट के कान में थूकने पर घिरे काजी तौकीर, गौहर खान ने जताई नाराजगी, सलमान खान से की समझाने की अपील

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।