health-wellness

World Mental Health Day 2026: कब और क्यों मनाया जाता है विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस? जानें इस बार की थीम

October 10, 2026

Published: Saturday, October 10, 2026, 9:30 [IST]

World Mental Health Day 2026: दुनियाभर में बड़ी संख्या में लोग मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई बार लोगों को अपनी समस्या के बारे में पता नहीं होता, तो कुछ लोग दूसरों के डर या शर्मिंदगी के कारण अपनी परेशानी साझा नहीं कर पाते। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और इससे जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करने के लिए हर साल 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस (World Mental Health Day) मनाया जाता है। तो आइए, जानते हैं विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का इतिहास, महत्व और साल 2026 की थीम -

World Mental Health Day
फोटो क्रेडिट: ChatGPT

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का इतिहास

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पहली बार 1992 में संयुक्त राष्ट्र (UN) के उप महासचिव रिचर्ड हंटर और वर्ल्ड फेडरेशन फॉर मेंटल हेल्थ की पहल पर मनाया गया था। इसके बाद 1994 में संयुक्त राष्ट्र के तत्कालीन महासचिव यूजीन ब्रॉडी के सुझाव पर इसे हर साल एक खास थीम के साथ मनाने की शुरुआत हुई। पहली थीम थी "दुनिया भर में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार।" तब से हर साल 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दुनियाभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया समेत कुछ देशों में मानसिक बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मेंटल हेल्थ वीक भी मनाया जाता है।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का महत्व

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानसिक सेहत के प्रति जागरूक करना है। आज भी कई लोग तनाव, चिंता और डिप्रेशन जैसी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। वहीं, कुछ लोग मानसिक परेशानी होने पर दूसरों से बात करने या डॉक्टर की मदद लेने से बचते हैं। कई बार ये समस्याएं इतनी गंभीर हो जाती हैं कि व्यक्ति के मन में आत्महत्या जैसे विचार भी आने लगते हैं। ऐसे में लोगों को मानसिक स्वास्थ्य का महत्व समझाने और समय पर मदद लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से हर साल यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को बताया जाता है कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना जरूरी है। इसके साथ ही मानसिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों के प्रति गलत धारणाओं को दूर करना और उन्हें सहयोग देना भी इस दिवस का अहम उद्देश्य है।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 की थीम

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 की थीम "Lived Experiences Heard: Real Voices, Real Change" है। हिंदी में इसका मतलब है, "लोगों के अनुभवों को सुनें, उनकी आवाज से बदलाव लाएं।" यह थीम उन लोगों की बात सुनने पर जोर देती है, जो मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का सामना कर चुके हैं। इसका उद्देश्य है कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी नीतियां और इलाज की सुविधाएं बनाते समय उनके अनुभवों को भी महत्व दिया जाए। जब उनकी आवाज सुनी जाएगी और उनके सुझावों के आधार पर बदलाव किए जाएंगे, तब मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर बन सकेंगी।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Saturday, October 10, 2026, 9:30 [IST]