world-news

फ्लाईदुबई के को-पायलट का 10 साल पुराना आतंकी कनेक्शन, UAE की जांच में खुलासा

October 10, 2026

फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने वाले को-पायलट को लेकर नई जानकारी सामने आई है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की जांच के मुताबिक, 29 साल का ओमानी को-पायलट इजराइल के तेल अवीव स्थित बेन गुरियन एयरपोर्ट पर विमान गिराना चाहता था. उसका मकसद अमेरिका में हुए 9/11 जैसे हमले को दोहराना और ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान लेना था.

विमान में 170 से ज्यादा यात्री थे, जिनमें ज्यादातर इजराइली थे. को-पायलट ने कुल्हाड़ी से कैप्टन पर हमला किया और विमान गिराने की कोशिश की. लेकिन कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. यात्रियों ने हमलावर को पकड़ लिया. विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने उड़ान संभाली और सऊदी अरब में सुरक्षित लैंडिंग कराई.

ऑस्ट्रेलिया में कैसे कट्टरपंथी बना?

UAE के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी के मुताबिक, को-पायलट करीब 10 साल पहले ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित हुआ था. न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हम्माम अल-हम्मामी 2015 से 2017 तक मेलबर्न के रॉयल मेलबर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RMIT) में पढ़ा, लेकिन इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी नहीं की.

जांच के मुताबिक, वह आतंकी संगठनों और आत्मघाती हमलों का समर्थन करने वाली किताबें और ऑनलाइन सामग्री देखने लगा था. उसे मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़े समूहों का समर्थन मिलने की बात भी कही गई है. वह 9/11 हमलों और तकफीर विचारधारा से प्रभावित था. इसमें एक मुसलमान दूसरे मुसलमान को धर्म से बाहर मान सकता है.

हमला करने के लिए बना पायलट?

जांचकर्ताओं के मुताबिक, को-पायलट ने माना कि विमान से हमला करने की योजना उसके पायलट बनने के फैसले से जुड़ी थी. उसने जनवरी 2026 में फ्लाईदुबई जॉइन की थी. इससे पहले चार साल ओमान एयर और कुछ समय मोरक्को की रॉयल एयर मारोक में काम किया था. उसने तेल अवीव की दो उड़ानों से रास्ते की जानकारी जुटाई. वह कट्टरपंथी सामग्री देखता रहा और बॉक्सिंग भी सीखी. उसका दावा है कि पूरी योजना अकेले बनाई थी.

सुरक्षा जांच में क्यों नहीं पकड़ा गया?

UAE के मुताबिक, नौकरी से पहले उसने सभी जरूरी सुरक्षा जांच पास की थीं और अच्छे आचरण का सर्टिफिकेट भी दिया था. जांच में उसके इरादों का पता नहीं चला. हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ओमान के अधिकारी पहले उसके कट्टरपंथी विचारों की जांच कर चुके थे. अब सवाल है कि इसके बावजूद उसे इतने संवेदनशील रूट पर विमान उड़ाने की अनुमति कैसे मिली?

यह भी पढ़ें: कौन हैं केटी जकारिया, जिन्हें ट्रंप ने बनाया व्हाइट हाउस का प्रेस सचिव

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button