
Vodafone IdeaImage Credit source: Vi
देश की टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) को दूरसंचार विभाग (DoT) से 26.83 करोड़ रुपये का नोटिस मिला है. विभाग ने कंपनी पर 2022 के स्पेक्ट्रम नीलामी से जुड़े न्यूनतम नेटवर्क रोलआउट के नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है. Vodafone Idea ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसे यह नोटिस 31 जुलाई को मिला. कंपनी फिलहाल नोटिस की समीक्षा कर रही है और आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही है.
2022 में हुई स्पेक्ट्रम नीलामी के दौरान कंपनियों को नई स्पेक्ट्रम फ्रीक्वेंसी आवंटित की गई थी. इसके साथ ही सरकार ने कुछ शर्तें भी तय की थीं. इन शर्तों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को तय समय के भीतर कुछ क्षेत्रों में अपना मोबाइल नेटवर्क शुरू करना और उसका विस्तार करना जरूरी था. इसे ही मिनिमम रोलआउट ऑब्लिगेशन कहा जाता है. DoT का आरोप है कि कंपनी इन शर्तों का पूरी तरह पालन नहीं कर सकी. इसी वजह से कंपनी को 26.83 करोड़ रुपये की लिक्विडेटेड डैमेज राशि जमा करने का नोटिस भेजा गया है.
कंपनी ने क्या कहा?
इधर, Vodafone Idea का कहना है कि वह नोटिस का विस्तार से अध्ययन कर रही है और यह तय करेगी कि आगे क्या कदम उठाया जाए. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस नोटिस का उसके कारोबार या सेवाओं पर फिलहाल कोई वित्तीय या परिचालन असर नहीं पड़ेगा. यानी मोबाइल नेटवर्क, कॉलिंग, इंटरनेट सेवाएं या ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी.
क्या होती है लिक्विडेटेड डैमेज?
अगर कोई कंपनी सरकार या किसी एजेंसी के साथ हुए समझौते की शर्तों को तय समय पर पूरा नहीं करती, तो उस पर पहले से तय जुर्माना लगाया जा सकता है. इसी जुर्माने को लिक्विडेटेड डैमेज कहा जाता है. इस मामले में DoT का मानना है कि Vodafone Idea ने स्पेक्ट्रम आवंटन के बाद तय नेटवर्क विस्तार की शर्तों का पूरी तरह पालन नहीं किया.
आगे क्या हो सकता है?
अब Vodafone Idea के पास नोटिस का जवाब देने और अपना पक्ष रखने का मौका होगा. अगर कंपनी अपनी स्थिति स्पष्ट कर देती है या विभाग उसके जवाब से संतुष्ट हो जाता है, तो मामले में आगे फैसला लिया जाएगा. फिलहाल कंपनी ने कहा है कि वह पूरे मामले की समीक्षा कर रही है और नियमों के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाएगी.
ये भी पढ़ें- इथेनॉल ब्लेंडिंग नहीं होती तो इतना महंगा हो सकता था पेट्रोल, सरकार का बड़ा दावा

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More