world-news

डॉग वॉकर ने पालतू गोगो को मार डाला... कुत्ते की मालकिन पर केस दर्ज; नोएडा की सोसाइटी का Video

October 13, 2026

डॉग वॉकर ने पालतू गोगो को मार डाला… कुत्ते की मालकिन पर केस दर्ज; नोएडा की सोसाइटी का Video

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में कुत्ते का हमला

नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में पालतू कुत्ते के हमले में 6 साल के पग की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने कुत्ते की मालकिन खुशी त्यागी और डॉग वॉकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक बड़ा कुत्ता छोटे पग पर हमला करता दिखाई दे रहा है. पग की मालकिन उसे बचाने की कोशिश करती है, लेकिन वह उसे बचा नहीं पाती.

घटना बीते रविवार सुबह की बताई जा रही है. गोगो की मालकिन नमिता सिंह रोज की तरह अपने 6 साल के पालतू पग को टहलाने के लिए सोसाइटी परिसर में निकली थीं. इसी दौरान एक बड़े कुत्ते ने अचानक उन पर और उनके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया. हमले के बाद नमिता ने गोगो को बचाने की कोशिश की. हालांकि, आरोप है कि बड़े कुत्ते ने पग को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे बुरी तरह काटने लगा. मौके पर मौजूद लोगों ने भी दोनों कुत्तों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन गोगो को बचाया नहीं जा सका.

इस घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि सार्वजनिक परिसर में पालतू कुत्तों को घुमाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए.

डॉग की मालकिन के खिलाफ FIR

घटना के बाद गोगो की मालकिन नमिता सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर फेस-2 थाना पुलिस ने कुत्ते की मालकिन खुशी त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

फेस-2 थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बड़े कुत्ते ने किन परिस्थितियों में छोटे कुत्ते पर हमला किया.

पुलिस घटना की जांच में जुटी

पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी. करीब दो मिनट का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई है. वीडियो में बड़े कुत्ते को पग पर हमला करते और नमिता सिंह को अपने पालतू कुत्ते को बचाने के लिए संघर्ष करते देखा जा सकता है.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

google button