
UP International Trade Show 2026
उत्तर प्रदेश में होने वाले UP International Trade Show 2026 (UPITS) में इस बार 6 देशों की कंपनियां और बिजनेस डेलिगेशन शामिल होंगे. 5 दिन चलने वाले इस आयोजन का मकसद उत्तर प्रदेश की कंपनियों को विदेशी बाजारों से जोड़ना और व्यापार व निवेश के नए मौके तलाशना है.
UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा. इस बार वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल होंगे.
6 देशों की कंपनियां दिखाएंगी प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी
ट्रेड शो में अलग-अलग देशों के पवेलियन बनाए जाएंगे. यहां कंपनियां अपने प्रोडक्ट, नई तकनीक और निवेश के अवसरों की जानकारी देंगी. इसके अलावा B2B मीटिंग, देश-विशेष सेशन और फॉरेन डेलिगेशन की उत्तर प्रदेश के कारोबारियों के साथ बैठकें होंगी.
वियतनाम और जापान को 54-54 वर्ग मीटर जगह दी गई है. सिंगापुर और रूस के लिए 36-36 वर्ग मीटर और ऑस्ट्रिया के लिए 54 वर्ग मीटर जगह तय की गई है. इन 5 देशों से करीब 36 प्रदर्शक और 100 खरीदार शामिल होने की योजना है. बेलारूस भी पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होगा और वहां से वरिष्ठ स्तर के प्रतिनिधि B2B एक्टिविटी में हिस्सा लेंगे.
25 सितंबर को फॉरेन डेलिगेशन की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात भी होगी. इसमें राजदूत, हाई कमिश्नर, ट्रेड कमिश्नर, इकोनॉमिक्स एंड कमर्शियल रिप्रेजेंटेटिव और वरिष्ठ कारोबारी अधिकारी शामिल हो सकते हैं.
EV, फार्मा और टूरिज्म पर भी फोकस
वियतनाम की कंपनियां एविएशन, टूरिज्म, कृषि, फार्मास्युटिकल्स, कॉस्मेटिक्स, फूड, टेक्सटाइल, गारमेंट्स, हैंडीक्राफ्ट और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे क्षेत्रों में हिस्सा लेंगी.
जापान पवेलियन में टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल सेक्टर से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी. इनमें Wacom India, Air and Water India, ITO EN, Sushi and More, Kito India और Taiyo India शामिल हैं. इन कंपनियों का कारोबार डिवाइस, इंडस्ट्रियल गैस, चाय-फूड प्रोडक्ट, लिफ्टिंग इक्विपमेंट और मशीनरी कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में है.
JETRO यानी Japan External Trade Organization भी निवेश और बिजनेस प्रमोशन से जुड़ी नीतियों की जानकारी देगा. सिंगापुर की कंपनियां वीडियो सर्विलांस, सोल्डरिंग इक्विपमेंट और एजुकेशन से जुड़े प्रोडक्ट और समाधान पेश करेंगी. रूस की कंपनियां पेट्रोकेमिकल्स, इंडस्ट्रियल गैस, लैब इक्विपमेंट, डायग्नोस्टिक किट, ऑक्सीजन सॉल्यूशन और रिक्रूटमेंट सर्विस जैसे क्षेत्रों में हिस्सा लेंगी. ऑस्ट्रिया की कंपनियां फोर्कलिफ्ट, वर्कशॉप इक्विपमेंट, स्मार्ट ट्रांसपोर्ट, डेकोरेटिव और लाइटिंग प्रोडक्ट के साथ-साथ मोबिलिटी सिस्टम से जुड़े समाधान दिखाएंगी.
B2B मीटिंग से कारोबारियों को मिलेगा मौका
UPITS में अलग-अलग सेक्टर को लेकर बिजनेस मीटिंग और चर्चा भी होगी. वियतनाम की ओर से इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड टूरिज्म विषय पर सेशन प्रस्तावित है. वहीं ऑस्ट्रिया भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का इस्तेमाल कर ग्लोबल बिजनेस बढ़ाने से जुड़े विषय पर नॉलेज सेशन आयोजित करेगा. B2B मीटिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के कारोबारी विदेशी कंपनियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे. इससे संभावित पार्टनरशिप, निवेश और एक्सपोर्ट के नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है.
विदेशी खरीदारों से बढ़ सकती है एक्सपोर्ट की पहुंच
UPITS 2026 में विदेशी कंपनियों और खरीदारों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश में बने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के अवसर तलाशे जाएंगे. राज्य सरकार निवेश बढ़ाने और एक्सपोर्ट का दायरा बढ़ाने के लिए औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश सुविधा और एक्सपोर्ट प्रमोशन पर जोर दे रही है.
आम लोग भी बन सकते हैं ट्रेड शो का हिस्सा
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाली इस ट्रेड शो में आम लोग भी शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत होगी. विजिटर 25-29 सितंबर के बीच 03:00 PM से 08:00 PM के बीच ट्रेड शो में शामिल हो सकते हैं. नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर डायरेक्ट रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है.
https://upinternationaltradeshow.com/general-visitor-registration/

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More