उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयाेग (UPESSC) ने 15 सितंबर को दो तरह की शिक्षक भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है. UPESSC ने प्राइमरी टीचर भर्ती के साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है. कुल 15 हजार से अधिक पद भरे जाने हैं. पीजीटी भर्ती नए नियमों के तहत होनी है, जिसके तहत पीजीटी पदों पर भर्ती के लिए बीएड वाले कैंडिडेट्स ही आवेदन कर सकते हैं. TET पास करने की जरूरत नहीं है.
आइए, इसी कड़ी में UPESSC पीजीटी भर्ती 2026 के बारे में विस्तार से जानते हैं. UPESSC पीजीटी भर्ती 2026 का शेड्यूल जानते हैं. जानते हैं कि यूपी पीजीटी भर्ती के लिए कौन आवेदन कर सकता है. किन 26 विषयों में पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. सिलेक्शन प्रोसेस क्या है.
19 सितंबर से शुरू होगा OTR, 15 व 16 दिसंबर को एग्जाम
UPESSC ने पीजीटी भर्ती 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. UPESSC ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से पूर्व प्रत्येक कैंडिडेट्स को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना होगा. OTR 19 सितंबर से कराया जा सकेगा. इसके साथ ही आवेदन भी किया जा सकता है. आवेदन UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन किया जा सकेगा. 17 अक्टूबर तक आवेदन फीस जमा कराई जा सकती है. तो वहीं 21 अक्टूबर तक आवेदन फॉर्म में संशोधन किया जा सकता है. 15 व 16 दिसंबर को पीजीटी भर्ती के लिए रिटन एग्जाम होगा.
2607 पदों पर भर्ती
UPESSC ने प्रदेशभर में कुल 2607 पदों पर पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किया है. इसमें बॉयज स्कूलों में 2329 पीजीटी की भर्ती की जानी है. तो वहीं गर्ल्स स्कूलाें में 278 पदों पर पीजीटी की भर्ती की जानी है.
कुल 26 विषयों में पीजीटी की भर्ती
UPESSC ने कुल 26 विषयों में पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इसमें हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, वाणिज्य, इतिहास, चित्रकला, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, संगीत गायन, संस्कृत, उर्दू, गृह विज्ञान, भूगोल, शारीरिक शिक्षा, सैन्य विज्ञान, रंजन कला, जीव विज्ञान, नागरिक शास्त्र, तर्कशास्त्र, संगीत वादन, कृषि, शस्य विज्ञान में पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं.
कौन कर सकता है आवेदन ?
यूपी PGT भर्ती 2026 के लिए सबंधित 26 विषयों से पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ ही बीएड डिग्री होना आवश्यक है. आवेदन के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 साल निर्धारित है. अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है. हालांकि रिटायरमेंट के लिए 62 साल की उम्र निर्धारित की गई है. आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी. वहीं संवैधानिक नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
कैसे होगा सिलेक्शन?
यूपी पीजीटी टीचर भर्ती 2026 में कैंडिडेट्स के सिलेक्शन के लिए रिटन एग्जाम और इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा. दोनों के लिए 400 नंबर निर्धारित है. रिटन एग्जाम 360 नंबर का होगा, जिसमें 120 MCQ यानी बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे.प्रत्येक सवाल के लिए 3 नंबर निर्धारित है. नेगेटिव मार्किंग लागू होगी. एक सही जवाब के बदले 3 नंबर मिलेंगे तो गलत जवाब देने पर 1 नंबर कटेगा. पेपर को सॉल्व करने के लिए 2 घंटे मिलेंगे. सभी सवाल बहुविकल्पिय (MCQ) पूछे जाएंगे.
रिटन एग्जाम और इंटरव्यू के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट बनेगी. अगर मेरिट में एक से अधिक कैंडिडेट्स के नंबर एक समान हैं, यानी टाई होता है. तो कैंडिटे्स के रिटन एग्जाम के नंबर देखे जाएंगे. रिटन एग्जाम के नंबर भी एक समान होने पर इंटरव्यू के नंबर देखे जाएंगे. इंटरव्यू में एक जैसे नंबर होने पर पोस्ट ग्रेजुएशन के नंबर देखे जाएंगे. पोस्ट ग्रेजुएशन के नंबर भी समान होने पर बीएड के नंबर देखे जाएंगे. अगर बीएड के नंबर भी एक जैसे हैं तो अधिक उम्र वाले कैंडिडेट्स को मेरिट में वरीयता मिलेगी.

मनोज भट्ट
पत्रकारिता में एक दशक से अधिक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.
Read More