
UP असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए योग्यता तय करने के लिए कमेटी गठित,Image Credit source: Getty Images
उत्तर प्रदेश के एडेड डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है. प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में खाली पड़े 2107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती से पहले योग्यता को लेकर स्थिति साफ की जाएगी. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले अलग-अलग विषयों की डिग्री और विशेष योग्यताओं की समकक्षता तय करने के लिए पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है.
समिति की रिपोर्ट आने के बाद भर्ती में योग्यता को लेकर किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं रहेगी. इससे चयन प्रक्रिया के दौरान विवाद और कानूनी अड़चनों की संभावना भी कम हगी.
15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार इस पांच सदस्यीय समिति की अध्यक्षता विशेष सचिव बद्री नाथ सिंह करेंगे. समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी सिफारिशों के साथ पूरी रिपोर्ट प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा विभाग को सौंपनी होगी. इसमें यह तय किया जाएगा कि किन डिग्रियों और शैक्षणिक योग्यताओं को असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता के बराबर माना जा सकता है.
समिति में अधिकारी और शिक्षाविद शामिल
समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है. उच्च शिक्षा निदेशक द्वारा नामित अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है. इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सचिव द्वारा नामित अधिकारी और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा नामित अधिकारी समिति के सदस्य होंगे.
भर्ती विज्ञापन से पहले योग्यता होगी साफ
समकक्ष योग्यता तय करने का फैसला कार्मिक विभाग के पुराने निर्देशों के तहत लिया गया है. वर्ष 2021 में जारी निर्देशों में कहा गया था कि जहां भर्ती नियमों में समकक्ष योग्यता का प्रावधान हो वहां चयन प्रक्रिया शुरू होने से पहले उसकी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए. इसी वजह से शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भर्ती विज्ञापन जारी करने से पहले शासन से समकक्ष अर्हता तय करने का अनुरोध किया था. समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद 2107 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ होने की उम्मीद है. इसके बाद आयोग आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More