
उमेश यादव को नई टीम में मौका (फोटो-पीटीआई)
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज उमेश यादव को 38 साल की उम्र में नई टीम से मौका मिला है. ये टीम उमेश यादव को तीनों फॉर्मेट में मौका देने वाली है. इस टीम का नाम है पंजाब, जिसने उमेश यादव को बतौर गेस्ट प्लेयर अगले घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए साइन किया है. उमेश यादव का करियर ढलान पर है. वो लंबे समय से टीम इंडिया और आईपीएल से बाहर हैं. विदर्भ से भी उन्होंने पिछले ही साल किनारा कर लिया लेकिन अब उमेश यादव पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने उमेश यादव के टीम में शामिल होने के बाद कहा कि इससे पंजाब की गेंदबाजी मजबूत होगी.
उमेश यादव का अपार अनुभव
उमेश यादव ने भारत के लिए 57 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 170 विकेट हैं. वनडे में उन्होंने 106 विकेट चटकाए हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट की बात करें तो उनके नाम 124 वनडे मैचों में 380 विकेट हैं.उमेश यादव 2023 में आखिरी बार टेस्ट क्रिकेट खेले थे और अब वो घरेलू क्रिकेट में ही नजर आते हैं. आईपीएल में भी वो साल 2024 के बाद नहीं खेले. हालांकि अब ये खिलाड़ी पंजाब के तेज गेंदबाजों के साथ अपने अनुभव बांटता नजर आएगा. हाल ही में ये खिलाड़ी क्रिकेट एक्सपर्ट के तौर पर नजर आए थे.
Big Breaking….!!🚨
– Umesh Yadav is playing for Punjab in the upcoming domestic season.
— Cricket Central (@CricketCentrl) September 30, 2026
उमेश यादव को क्यों दिया पंजाब ने मौका
पंजाब की टीम ने 33 सालों से रणजी ट्रॉफी नहीं जीती है. इस टीम ने आखिरी रणजी ट्रॉफी 1992-93 में जीती थी. उन्होंने 1994-95 और 2004-05 में फाइनल खेला था, लेकिन दोनों बार हार गए. रिपोर्ट्स हैं कि आने वाले सीजन में शुभमन गिल भी इस टीम के लिए एक मैच खेल सकते हैं. साथ ही गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह भी इस टीम में दिख सकते हैं. उमेश यादव के आने से इस टीम के बॉलिंग अटैक को मजबूती मिलेगी.

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More