world-news

Twisha Sharma Case: गिरिबाला और समर्थ ने वॉयस सैंपल देने से किया इंकार, न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ी - Haribhoomi

July 14, 2026

भोपाल की एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने कोर्ट को बताया कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह ने वॉयस सैंपल देने से इनकार कर दिया है। एजेंसी ने 28 जुलाई तक न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग की थी जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

Twisha Sharma Case

Twisha Sharma Case: गिरिबाला और समर्थ ने वॉयस सैंपल देने से किया इंकार

  • Published: 14 Jul 2026, 03:34 PM IST
  • Last Updated: 14 Jul 2026, 05:20 PM IST

Twisha Sharma Case: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को जिला अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान CBI ने कोर्ट को बताया कि, मामले के दोनों आरोपी गिरिबाला और समर्थ अब तक वॉयस सैंपल देने के लिए तैयार नहीं हुए हैं। वहीं, AIIMS भोपाल ने भी हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा करने से इनकार कर दिया है।

CBI ने अदालत से आरोपी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ाने की मांग की थी। इसे कोर्ट द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। ट्विशा पक्ष के वकील शुभांग दीक्षित के अनुसार, अदालत पहले ही दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने की अनुमति दे चुकी थी। इसके बाद 6 जुलाई को CBI की टीम सैंपल लेने पहुंची थी लेकिन समर्थ सिंह ने वॉयस सैंपल देने से साफ इनकार कर दिया।

वहीं, गिरिबाला सिंह ने एक बार सैंपल दिया लेकिन दोबारा सैंपल देने से मना कर दिया। फिलहाल CBI ने आरोपियों को वॉयस सैंपल देने के लिए नए न्यायालयीन आदेश की मांग की है।

आरोपियों ने वॉयस सैंपल देने से किया इनकार
एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि कोर्ट के आदेशों के बावजूद दोनों आरोपियों ने वॉयस सैंपल देने से इनकार कर दिया है और उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर करने वाले नए आदेशों की मांग की है। जानकारी दी गई है कि, AIIMS दिल्ली ने दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग करने वाली परिवार की अर्जी पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।

रिपोर्ट में अहम वैज्ञानिक निष्कर्ष शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली AIIMS के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने 10 जुलाई को ट्विशा शर्मा मामले की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंप दी है। फिलहाल इस रिपोर्ट की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, दावा किया जा रहा है कि, रिपोर्ट में कुछ अहम वैज्ञानिक निष्कर्ष शामिल हैं, जिन्हें CBI जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख रही है। दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

12 मई को हुई थी ट्विशा शर्मा की मौत
बता दें कि, आरोपी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज मांगने समेत आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप हैं। 12 मई को ट्विशा शर्मा भोपाल में अपने ससुराल में मृत पाई गईं थीं। उनके परिजन इसे हत्या बता रहे थे जबकि सास और पति इसे आत्महत्या बता रहे थे। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है।