world-news

'Tum Andha Hai', Ravi Kishan ने गोरखपुर को बताया स्पेन जैसा-CM योगी की छूटी हंसी, कांग्रेस को लगी मिर्ची

August 30, 2026

Time Published: Sunday, August 30, 2026, 16:07 [IST]

Ravi Kishan Gorakhpur Video Viral: गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन एक बार फिर अपने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। 29 अगस्त को गोरखपुर के बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम के उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने शहर के विकास की तुलना स्पेन से कर दी। भोजपुरी में दिए उनके बयान के दौरान मंच पर मौजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता हंसते नजर आए।

रवि किशन गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए शहर की बदली तस्वीर पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें गोरखपुर स्पेन जैसा और स्मार्ट सिटी जैसा लगता है। इसके बाद उन्होंने विकास न दिखाई देने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि तुम अंधा हउआ त हम का करीं।

ravi-kishan-calls-gorakhpur

'हमके लागेला स्पेन...', क्या बोले रवि किशन?

कार्यक्रम में भोजपुरी में बोलते हुए रवि किशन ने कहा कि हमके लागेला स्पेन, हमके लागेला ई अद्भुत जगह। हमके स्मार्ट सिटी लागेला। काहेकि हम सब जगह देख लीजिए। मुझे लगता है, तुम अंधा हैं आंख का, तो हम क्या करें। उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों की हंसी छूट गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य मंत्री संजय निषाद भी मुस्कुराते नजर आए। कार्यक्रम का संचालन कर रही एंकर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। रवि किशन का कहना था कि गोरखपुर में पिछले कुछ वर्षों में काफी बदलाव आया है और शहर के विकास को लेकर उन्हें गर्व है।

मंच पर छूटी हंसी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

रवि किशन के भाषण का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने चिर-परिचित अंदाज में गोरखपुर के विकास का जिक्र करते दिखाई देते हैं। उनके बयान के बाद मंच पर मौजूद लोगों के साथ दर्शक भी हंसते नजर आते हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स ने उनके अंदाज को मनोरंजक बताया, जबकि कुछ ने उनके 'अंधा' वाले बयान पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि अभिनेता के तौर पर लोकप्रियता और एक प्रभावी राजनेता होने में फर्क होता है। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस बयान पर हैरान नजर आए। कुछ लोगों ने रवि किशन के भाषण को लेकर 'वाह क्या एक्टिंग है' जैसे कमेंट किए, जबकि कुछ ने उनके बयान को राजनीतिक मर्यादा के लिहाज से ठीक नहीं माना।

सुप्रिया श्रीनेत ने साधा निशाना

रवि किशन के बयान पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा सांसद पर तंज कसा। श्रीनेत ने कहा कि रवि किशन मंच से लगातार ऐसी बातें कह रहे थे कि मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। उन्होंने रवि किशन को याद दिलाया कि वह सांसद हैं और जनता को 'अंधा' कहने वाले बयान पर सवाल उठाया। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि रवि किशन सांसद हैं, 'मसखरे' नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को अंधा कहने की 'हिमाकत' का हिसाब होगा।

'स्पेन' से गोरखपुर की तुलना पर क्यों मचा बवाल?

रवि किशन का बयान ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में शहरों के विकास को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। भाजपा सांसद ने अपने भाषण में किसी विपक्षी नेता का नाम नहीं लिया। उनका पूरा जोर गोरखपुर में हुए विकास और शहर को लेकर अपने अनुभव पर था। लेकिन 'गोरखपुर को स्पेन जैसा' बताने और विकास न देखने वालों को 'अंधा' कहने वाला हिस्सा सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया। एक तरफ समर्थक इसे रवि किशन के अपने शहर के प्रति उत्साह और गर्व से जोड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ विपक्ष उनके बयान को लेकर निशाना साध रहा है। फिलहाल रवि किशन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और 'हमके लागेला स्पेन' वाला उनका बयान चर्चा में बना हुआ है।