Published: Friday, August 21, 2026, 10:01 [IST]
Shweta Tiwari: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी इन दिनों अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल एक ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े मामले को लेकर आवाज उठाने के बाद श्वेता तिवारी को कथित तौर पर सोशल मीडिया पर गालियों और आपत्तिजनक मैसेजेस का सामना करना पड़ा है। एक्ट्रेस ने ऐसे कई मैसेज के स्क्रीनशॉट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए हैं और महिलाओं के खिलाफ इस तरह की भाषा के इस्तेमाल पर नाराजगी जाहिर की है।
श्वेता तिवारी ने कॉकरोच को लेकर उठाई थी आवाज
ये मामला उस वक्त शुरू हुआ, जब श्वेता तिवारी ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए सामान में कॉकरोच मिलने की शिकायत सोशल मीडिया पर की थी। एक्ट्रेस ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए FDA प्रमुख तुकाराम मुंडे को भी टैग किया था। इसके बाद श्वेता को इंस्टाग्राम पर कुछ लोगों की ओर से अभद्र और अपमानजनक मैसेज भेजे जाने लगे।
श्वेता तिवारी ने शेयर किए आपत्तिजनक मैसेज के स्क्रीनशॉट्स
-इन मैसेजेस से नाराज श्वेता तिवारी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ स्क्रीनशॉट शेयर किए है। उन्होंने उन प्रोफाइल्स को भी दिखाया है, जहां से कथित तौर पर उन्हें आपत्तिजनक मैसेज भेजे गए थे। एक्ट्रेस ने इस पूरे मामले को सिर्फ अपने साथ हुई घटना तक सीमित नहीं रखा है बल्कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाले गंदे बर्ताव पर भी सवाल उठाए है।
-श्वेता तिवारी ने अपनी पोस्ट में कहा है कि महिलाओं को सोशल मीडिया पर गाली देना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई है कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोग जरूरी नहीं कि अशिक्षित हों या खराब माहौल से आते हों। उनके मुताबिक कई बार पढ़े-लिखे और अच्छे परिवारों से आने वाले लोग भी सोशल मीडिया पर महिलाओं के लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।
'अपने परिवार के सामने कैसे जाते होंगे?'
-एक दूसरे पोस्ट में श्वेता तिवारी ने सवाल उठाया है कि किसी दूसरी महिला से इस तरह की भाषा में बात करने के बाद ऐसे लोग अपने परिवार के सामने किस तरह जाते होंगे। एक्ट्रेस ने ये भी दावा किया कि उनमें से एक शख्स खुद को राज ठाकरे और उनकी पार्टी का समर्थक बताता है।
-श्वेता तिवारी ने महाराष्ट्र और मराठी संस्कृति से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र में बिताया है और उनके पिता की परवरिश भी मुंबई में हुई है। उन्होंने कहा कि वह मराठी संस्कृति को महिलाओं की ताकत और सम्मान का आदर करने वाली संस्कृति के तौर पर देखती हैं।

राज ठाकरे को टैग कर श्वेता तिवारी ने पूछा सवाल
-श्वेता तिवारी ने अपनी पोस्ट में राज ठाकरे को टैग करते हुए सवाल किया है कि अगर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोग वास्तव में उनके समर्थक हैं तो क्या वह इस तरह के बर्ताव को सही मानते हैं?
-एक्ट्रेस ने आगे कहा कि केवल मराठी बोलना, खुद को 'मराठी मानूस' कहना या महाराष्ट्र से प्रेम करने का दावा करना पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक किसी महिला का सम्मान इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि सामने वाला उसे जानता है या नहीं। किसी विचार या व्यक्ति से असहमति होना अलग बात है लेकिन इसके आधार पर किसी महिला को गाली देने या उसका अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं मिल जाता।
-श्वेता तिवारी ने अपनी बात रखते हुए महिलाओं के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सम्मान सिर्फ उन महिलाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, जिन्हें कोई व्यक्ति अपने परिवार या करीबी रिश्तों में जानता है बल्कि हर महिला के प्रति सम्मान की भावना होनी चाहिए।
'द ट्रेटर्स 2' में नजर आ रही हैं श्वेता तिवारी
आपको बता दें कि श्वेता तिवारी इन दिनों रिएलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन का हिस्सा हैं। करण जौहर के होस्ट किए जा रहे इस शो में श्वेता अपने बेबाक अंदाज और गेम खेलने के तरीके से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। शो में उनकी गेम स्ट्रैटर्जी और खुलकर अपनी बात रखने का अंदाज काफी चर्चा में है।