world-news

परमिंदर झोटा को SGPC ने दिया शहीद का दर्जा, सिख म्यूजियम में लगेगी तस्वीर - India TV Hindi

October 17, 2026

मानसा: नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे परमिंदर झोटा की हत्या को आज पांचवां दिन हो गया है। इसी बीच शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह धनौला पीड़ित परिवार के साथ मिलने पहुंचे। इस दौरान SGPC अध्यक्ष और जत्थेदार ने सरकारी अस्पताल मानसा में हमले के दौरान घायल हुए दोनों व्यक्तियों से भी मुलाकात की।

सिख कौम का शहीद बताया

परिवार के साथ बातचीत करते हुए SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने परमिंदर सिंह को सिख कौम का शहीद बताया। उन्होंने कहा कि परमिंदर सिंह की तस्वीर सिख म्यूजियम में लगाई जाएगी। इसके साथ ही घायल हुए दोनों व्यक्तियों के इलाज के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये और अन्य खर्चों के लिए भी ढाई-ढाई लाख रुपये देने का ऐलान किया।

परिवार ने आर्थिक मदद लेने से किया इनकार

वहीं, हरजिंदर सिंह धामी ने परिवार को आर्थिक सहायता देने की पेशकश करते हुए बच्चों के नाम दस लाख रुपये की एफडी करवाने की बात भी कही। हालांकि, परिवार ने यह सहायता लेने से इनकार कर दिया। परमिंदर के पिता ने कहा कि उनके बेटे ने पहले ही परिवार को हिदायत दी थी कि किसी से भी कोई आर्थिक मदद नहीं लेनी है।

परमिंदर सिंह की कुर्बानी को बड़ी शहादत बताया

SGPC अध्यक्ष ने परमिंदर सिंह की कुर्बानी को बड़ी शहादत बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज के हित में अपनी जान गंवाई है। उनकी कुर्बानी नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे लोगों को इस मुहिम में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परमिंदर का परिवार जब भी आवाज देगा, SGPC हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी होगी।

मेडिकल स्टोर के मालिक ने मारी थी गोली

बता दें कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परमिंदर झोटा की मंगलवार को मानसा के एक व्यस्त बाजार में एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। झोटा एक बुजुर्ग व्यक्ति को ड्रग्स बेचने के आरोप में दुकानदार से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान दुकानदार अश्वनी कुमार ने उन पर गोली चला दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। हलांकि बाद में अश्वनी कुमार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। 

क्या बोले सीएम भगवंत मान?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की गहन जांच का आश्वासन देते हुए शुक्रवार को कहा कि जांच के दौरान किसी भी साजिश का पता चलने पर उसका पर्दाफाश किया जाएगा। हत्या के समय झोटा फेसबुक पर लाइव थे। 

इस घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मान ने 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत समीक्षा बैठक के लिए फिल्लौर में कहा, ''गलत काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को जवाबदेही से बचने नहीं दिया जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और जांच के दौरान किसी भी साजिश का पता चलने पर उसका पर्दाफाश किया जाएगा।''

रिपोर्ट-प्रवीण ऋषि, मानसा

ये भी पढ़ें :

'एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परमिंदर झोटा हत्याकांड के मामले में पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ेगी', CM मान ने दिया आश्वासन

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।