पंजाब में सोशल मीडिया पर अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले निहंग हरजीत सिंह रसूलपुर पर रेप के आरोप लगे हैं। सोशल वर्कर रूप कौर के साथ पहुंची पीड़िता ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से पंथक कार्रवाई की मांग की है।
.
पीड़ित महिला ने बताया है कि 2021 में लॉकडाउन खुलने के बाद जब वह चंडीगढ़ PGI में इलाज कराने गई थी, तब वहां रसूलपुर के संपर्क में आई। पीड़िता का आरोप है कि 13 अप्रैल (बैसाखी के दिन) रसूलपुर ने उससे कहा कि उसके कर्मों में एक विशेष सेवा आई है।
उसे चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा इलाके में एक जगह बुलाया गया। पीड़िता जब वहां पहुंची तो उसे चाबी देकर एक कमरे का ताला खोलने को कहा गया। आरोप है कि इसके बाद रसूलपुर ने उसके साथ रेप किया। हालांकि, इन आरोपों पर रसूलपुर का कहना है कि यह मामला पुराना और झूठा है। इस केस में उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी है।

सोशल वर्कर रूप कौर के साथ पीड़िता।
पीड़िता ने रसूलपुर पर ये आरोप लगाए
- अस्पताल के बाहर हुई मुलाकात: शुक्रवार को जालंधर पहुंची पीड़ित महिला ने बताया कि 2021 में लॉकडाउन खुलने के बाद जब वह चंडीगढ़ PGI में इलाज कराने गई थी, तब वहां अरदास टीवी की लंगर गाड़ी लगी हुई थी। वहां मौजूद सेवादारों ने उसके पति को भरोसा दिलाया कि हरजीत सिंह रसूलपुर 'संत महापुरुष' हैं, जो बीमारी ठीक करने की गारंटी देते हैं। इसके बाद उनका पूरा परिवार रसूलपुर से जुड़ गया और लंगर सेवा में मदद करने लगा।
- बैसाखी के दिन कमरे में बुलाया और रेप किया: पीड़िता का आरोप है कि 13 अप्रैल को बैसाखी के दिन रसूलपुर ने उससे कहा कि उसके कर्मों में एक विशेष सेवा आई है। उसे चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा इलाके में एक जगह बुलाया गया। पीड़िता जब वहां पहुंची, तो उसे चाबी देकर एक कमरे का ताला खोलने को कहा गया। आरोप है कि इसके बाद रसूलपुर ने उसके साथ जबरदस्ती और रेप किया।
- कृपाण और बंदूक के बल पर डराया: महिला का आरोप है कि जब उसने विरोध करने की कोशिश की, तो रसूलपुर ने अपनी बड़ी कृपाण उठाकर कहा, मुझे कृपाण पहननी भी आती है और चलानी भी। साथ ही उसने बंदूक का डर दिखाते हुए कहा कि शोर मचाया तो पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा।
- पुलिस और जज खरीदने का दावा: पीड़िता के अनुसार, वारदात के वक्त आरोपी ने अकड़ दिखाते हुए कहा था, पुलिस मेरी जेब में है, जज और वकील खरीदने की मेरी औकात है। तुम जहां मर्जी शिकायत कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
- 2 लाख का लालच देकर बच्चों को विदेश भेजने की बात: पीड़िता ने बताया कि जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, तो मामला दबाने के लिए लगातार फोन आने लगे। इसी दौरान कथावाचक बलदेव औगरा का फोन आया। औगरा ने उससे कहा, "बीबा जी, आपको 2 लाख रुपए दिलवा देते हैं और आपके बच्चों को विदेश भिजवा देंगे। तुम अपनी शिकायत वापस ले लो, क्योंकि उसकी (रसूलपुर की) पहुंच बहुत ऊपर तक है।"
- तस्वीरें तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर डालीं: महिला ने आरोप लगाया कि जब वह लालच में नहीं आई और शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया, तो कथावाचक बलदेव ने फोन से पारिवारिक निजी तस्वीरें निकालकर उन्हें एडिट किया और अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, इस हरकत के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में अलग से FIR दर्ज करवाई गई है।
रूप कौर की मांग- पंथ से छेका जाए और बाणा उतरवाया जाए
पीड़िता के साथ आई सोशल वर्कर रूप कौर ने कहा कि रसूलपुर जैसे लोग निहंगों और गुरु की लाडली फौज की छवि को खराब कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार तुरंत संज्ञान लें, रसूलपुर का निहंग बाणा उतरवाया जाए और उसे सिख पंथ से छेका (निष्कासित) किया जाए। रूप कौर ने यह भी दावा किया कि उनके संपर्क में कई अन्य पीड़ित महिलाएं भी हैं और वे जल्द ही कई अन्य रसूखदार चेहरों का पर्दाफाश करेंगी।

हरजीत सिंह रसूलपुर ने आरोपों को खारिज किया है।
सफाई में रसूलपुर क्या बोले, जानिए
- अदालत और पुलिस से क्लीन चिट मिली है: रूप कौर के आरोपों पर निहंग रसूलपुर ने शनिवार को वीडियो जारी कर कहा कि यह मामला 2021 का है। पुलिस और अदालत ने इसकी जांच की थी। जांच में आरोप पूरी तरह झूठे पाए गए, जिसके बाद SSP की रिपोर्ट और अदालती कानूनी सलाह पर उनके खिलाफ दर्ज FIR को आधिकारिक तौर पर कैंसिल कर दिया गया था।
- सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने के लिए स्टंट कर रही: रसूलपुर ने कहा कि रूप कौर केवल TRP और सोशल मीडिया पर चर्चा में रहने के लिए इस पुराने और खारिज हो चुके मुद्दे को दोबारा उठा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की जा रही है।
- विदेशी एजेंसियों और कट्टरपंथियों से खतरा: रसूलपुर ने कहा कि वह सनातन, हिंदू-सिख भाईचारे और शोषित वर्गों की आवाज उठाते हैं, इसीलिए वह ISI जैसी एजेंसियों, कट्टरपंथियों और गैंगस्टरों के निशाने पर हैं। उन्होंने रूप कौर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।