world-news

OTT पर रिलीज होगी ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन', 8 करोड़ के बजट में कमाए 4795 Cr, किस प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम? - India TV Hindi

October 17, 2026

साल 2026 में सिनेमाघरों पर कई कमाल देखने को मिले। एक तरफ 'धुरंधर 2' का सिनेमाघरों में बोलबाला रहा तो वहीं 2 करोड़ के मामूली बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करके सबको चौंका दिया। इस साल एक और फिल्म की कमाई ने सबको हैरानी में डाल दिया। यहां करी बार्कर द्वारा निर्देशित साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'ऑब्सेशन' की बात हो रही है, जो अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। सिनेमाघरों में दर्शकों को डराने के बाद अब ये फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग के लिये तैयार है। 'ऑब्सेशन' मई 2026 में रिलीज हुई थी और जिसने दुनिया भर में हलचल मचा दी थी। करी बार्कर द्वारा निर्देशित ये फिल्म एक बड़ी कमर्शियल हिट साबित हुई। भारत और पूरी दुनिया में अपनी गहरी छाप छोड़ने के बाद, अब यह फिल्म OTT पर रिलीज़ होने के लिए तैयार है। यह फिल्म कब और कहां स्ट्रीम होगी, चलिए बताते हैं।

'ऑब्सेशन' OTT प्लेटफॉर्म पर कब आएगी?

करी बार्कर द्वारा निर्देशित साइकोलॉजिकल हॉरर-थ्रिलर 'ऑब्सेशन' को देखने के लिए दर्शकों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 8 करोड़ में बनी और दुनिया भर में 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म पर आ रही है। जियो हॉटस्टार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, 'इंतजार खत्म हुआ। इस हैलोवीन, एक इच्छा सब कुछ बदल देगी। 'ऑब्सेशन' का ओरिजिनल, अनकट वर्ज़न 30 अक्टूबर को शाम 7:00 बजे से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होना शुरू हो जाएगा। यह अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।'

'ऑब्सेशन' की कहानी क्या है?

बता दें, इससे पहले 'ऑब्सेशन' को अमेजन प्राइम वीडियो पर किराए पर उपलब्ध कराया गया था। इसकी कहानी की बात करें तो ये 'बेयर' नाम के एक लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी दोस्त 'निक्की' को बहुत पसंद करता है, लेकिन बेयर, निक्की से अपने प्यार का इजहार करने से डरता है। उसे लगता है कि अगर वो अपने दिल की बात कहेगा तो उसकी दोस्ती भी खत्म हो जाएगी। एक दिन, एक दुकान पर उसे इच्छा पूरी करने वाली एक रहस्यमयी छड़ी मिलती है, जिसे वह खरीद लेता है। अपनी कार में बैठकर वह उस छड़ी को तोड़ देता है और विश मांगता है कि निक्की उससे प्यार करने लगे और पूरी तरह से उसकी दीवानी हो जाए। हालांकि, उसकी इस इच्छा के बहुत भयानक नतीजे निकलते हैं। आगे क्या होता है, यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता

बॉक्स ऑफिस पर 'ऑब्सेशन' के प्रदर्शन की बात करें तो, इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 522 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो भारतीय रुपयों में लगभग 4,795 करोड़ रुपये के बराबर है। भारतीय दर्शकों के बीच भी फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। भारत में फिल्म ने 99.25 करोड़ रुपये की कमाई की और अब दर्शकों के बीच इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है।

ये भी पढ़ेंः 'रामायण' के 39 साल बाद फिर साथ आ रहे अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया, नई फिल्म में बने पति-पत्नी, OTT पर रिलीज होगी 'नोटिस'

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।