world-news

Railway Jobs 2026: उत्तर मध्य रेलवे का बड़ा कदम, 400 दिव्यांगजनों को मिली नौकरी

July 26, 2026

एजुकेशन

  • Edited by: आदित्य सिंह
  • Updated Jul 26, 2026, 01:47 PM IST

उत्तर मध्य रेलवे ने विभिन्न अनुबंधों के माध्यम से करीब 400 दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इसमें ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) संचालक समेत कई अन्य पद शामिल हैं।

Image

Railway Jobs 2026: उत्तर मध्य रेलवे में 400 दिव्यांगजनों को मिली नौकरी

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे ने विभिन्न अनुबंधों के माध्यम से करीब 400 दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इनमें ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) संचालक समेत कई अन्य पद शामिल हैं। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि एनसीआर के महाप्रबंधक एनपी सिंह ने इस साल की शुरुआत से ही दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में प्रयास शुरू किए और तीन मंडलों- प्रयागराज, झांसी और आगरा को जहां भी संभव हो, दिव्यांग लोगों को नौकरी प्रदान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों ने विभिन्न अनुबंधों के आधार पर करीब 400 दिव्यांग लोगों को विभिन्न पदों जैसे ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) संचालक, स्टेशन उद्घोषक, डेटा एंट्री ऑपरेटर, ’एक स्टेशन, एक उत्पाद’ (ओएसओपी) स्टॉल के संचालक और कई अन्य ग्राहक सेवाओं के पद पर तैनाती दी है। शर्मा ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे ने अपने प्रयासों को केवल रोजगार के अवसर प्रदान करने तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि दीर्घकालीन सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में 100 दिव्यांग लोगों को अप्रेंटिसशिप योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण दे रहा है।

किस मंडल से कितने लोगों की नियुक्ति

अधिकारी ने बताया कि रोजगार प्रदान करने की यह पहल एनसीआर के तीनों मंडलों के साथ ही विभिन्न कार्यशालाओं और उत्पादन इकाइयों में भी की जा रही है। इनमें से 200 दिव्यांग व्यक्ति प्रयागराज मंडल, 100 दिव्यांग व्यक्ति झांसी मंडल और 63 दिव्यांग व्यक्ति आगरा मंडल में नौकरी पर नियुक्त किए गए हैं।

चार दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम के तौर पर नियुक्ति

उन्होंने बताया कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम संचालक के तौर पर सात और स्टेशन अनाउंसर के तौर पर एक दिव्यांग व्यक्ति को रखा गया है, जबकि दो दिव्यांग उद्घोषक का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसी तरह, झांसी स्टेशन पर एटीवीएम संचालक के तौर पर 10 दिव्यांग व्यक्तियों और ओएसओपी स्टॉल संचालक के तौर पर दो दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार दिया गया है, जबकि ग्वालियर स्टेशन पर पांच दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम संचालक के तौर पर नियुक्त किया गया है। आगरा कैंट स्टेशन पर चार दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम के तौर पर नियुक्त किया गया है। शर्मा ने बताया कि अनुबंधित कर्मचारियों के अलावा, उत्तर मध्य रेलवे में 784 दिव्यांग स्थायी रूप से कार्यरत हैं जिनमें से 15 कर्मचारियों की नियुक्ति 2025-26 के दौरान की गई।

इनपुट- एएनआई

Aditya Singh

आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Education

End of Article