world-news

सीएम साय ने सुनी पीएम के 'मन की बात' : बोले- प्रधानमंत्री हर बार बढ़ाते हैं छत्तीसगढ़ का गौरव - Haribhoomi

July 26, 2026

सीएम साय ने सुनी पीएम के 'मन की बात' : बोले- प्रधानमंत्री हर बार बढ़ाते हैं छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर में 'मन की बात' कार्यक्रम के बाद CM विष्णुदेव साय ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को नैतिक निर्णय बताया। CGPSC घोटाले पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जीरो टॉलरेंस की बात कही।

CM Vishnudev Sai listening to PM Modi's Mann Ki Baat

पीएम मोदी के मन की बात सुनते सीएम विष्णुदेव साय

  • Published: 26 Jul 2026, 01:49 PM IST
  • Last Updated: 26 Jul 2026, 01:49 PM IST

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के संबोधन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और CGPSC भर्ती घोटाले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'मन की बात' के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हैं, जिसे पूरे देश के लोग सुनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में समय-समय पर छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर दिया इस्तीफा 
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक सैद्धांतिक पार्टी है और उसके लिए देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को सौंपा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी रहे हैं और वे उन्हें अच्छी तरह जानते हैं। 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का आज रायपुर स्थित दया भवन में श्रवण किया। आज इस प्रेरणादायी संवाद का सहभागी बनना राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने वाला अनुभव रहा। इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा जी,… pic.twitter.com/sopHRYGnJA

— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 26, 2026

CGPSC भर्ती घोटाले पर कांग्रेस को घेरा 
वहीं, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए CGPSC भर्ती घोटाले पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। पिछली सरकार के समय प्रदेश के बेटा-बेटियों और युवाओं के साथ अन्याय हुआ तथा भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव किया गया।

जीरो टॉलरेंस की नीति किया जा रहा काम 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश के युवाओं से वादा किया था कि जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है और जो भी दोषी हैं, वे एक-एक कर जेल जा रहे हैं।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)