world-news

ठाणे में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई अजित पवार की जयंती, सरकारी कार्यालय से लेकर सड़कों तक उमड़ा जनसैलाब| Navbharat Live

July 22, 2026

ठाणे में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई अजित पवार की जयंती, सरकारी कार्यालय से लेकर सड़कों तक उमड़ा जनसैलाब

विज्ञापन

सार

Ajit Pawar Birth Anniversary Thane: ठाणे में अजित पवार की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर मनपा और सड़कों तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

ajit pawar birth anniversary celebrated in thane collector office

ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम (सोर्स: नवभारत फोटो)

विस्तार

Ajit Pawar Birth Anniversary Celebrated In Thane: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. अजित अनंतराव पवार की पहली जयंती मंगलवार को पूरे सम्मान के साथ मनाई गई। राज्य सरकार द्वारा इस साल उनकी जयंती को आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल करने के बाद, ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय सहित जिले की सभी मनपा और विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों ने दादा को याद किया।

ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय के समिति सभागृह में विशेष अभिवादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने स्व. अजित पवार के चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद अपर जिलाधिकारी हरिश्चंद्र पाटील, निवासी उपजिलाधिकारी डॉ. संदीप माने, उपजिला निर्वाचन अधिकारी वैशाली माने, कोंकण विभागीय सूचना उपसंचालक संजू चव्हाण सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डॉ. पांचाल ने कहा कि स्व. अजित पवार प्रशासनिक अनुशासन, त्वरित निर्णय क्षमता और राज्य के विकास में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में रहते हुए ‘दादा’ ने जो कार्य संस्कृति स्थापित की, वह अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक है।

ठाणे मनपा में स्व. अजित पवार की पहली जयंती

स्वर्गीय अजित अनंतराव पवार की पहली जयंती ठाणे महानगरपालिका में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मनपा के कै. नरेंद्र बल्लाल सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में महापौर शर्मिला पिंपलोलकर और उपमहापौर कृष्णा पाटील ने स्व. अजित पवार की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सभागृह नेता हणमंत जगदाले, शिवसेना गटनेता पवन कदम, नगरसेवक सुहास देसाई सहित अन्य नगरसेवक और नगरसेविकाएं उपस्थित थीं।

सम्बंधित ख़बरें

महापालिका आयुक्त सौरभ राव ने भी स्व. अजित पवार की प्रतिमा पर पुष्पहार चढ़ाकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त जी.जी. गोदेपुरे, दीपक झिंजाड, विधी सलाहकार मकरंद काळे, कार्मिक अधिकारी दयानंद गुंडप, प्रभारी उप-माहिती जनसंपर्क अधिकारी प्राची डिंगणकर सहित महापालिका के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

सड़क से लेकर कार्यालयों तक गूंजा दादा का नाम

जिलाधिकारी कार्यालय के अलावा ठाणे के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों और सामाजिक संस्थाओं में भी जयंती मनाई गई। कई जगहों पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और जरूरतमंदों को भोजन वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। ठाणे में एनसीपी कार्यालय पर स्व.अजित पवार की जयंती मनाई गई। हाल ही में एनसीपी छोड़ शिवसेना में शामिल हुए पूर्व सांसद आनंद परांजपे भी दादा को श्रद्धांजलि देने एनसीपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि इस पार्टी में विभाजन के बाद महाराष्ट्र में बने इस पहले अपनी पार्टी कार्यालय का उद्घाटन अजित दादा ने किया था।

इस कार्यालय से उन्हें विशेष प्रेम था। सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भी सड़कों पर एकत्र होकर स्व. अजित पवार के कार्यों को याद किया। लोगों ने उन्हें जनता के नेता और विकास पुरुष बताते हुए उनके द्वारा महाराष्ट्र के लिए किए गए कामों की चर्चा की।

यह भी पढ़ें: मुंबई में CJP के समर्थन में उतरी मनसे, राज ठाकरे ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

याद किए गए अजित दादा

स्व. अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति में एक जाना-माना नाम थे। उपमुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य के विकास, कृषि और सिंचाई क्षेत्र में कई अहम फैसले लिए। उनकी सख्त और साफ छवि के कारण उन्हें ‘दादा’ के नाम से भी पुकारा जाता था। 22 जुलाई को उनकी पहली जयंती पर राज्य सरकार ने इसे आधिकारिक रूप से मनाने का निर्णय लिया।

जिल्हा परिषद में मनाई गई स्व.अजित पवार की पहली जयंती

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. अजित अनंतराव पवार की पहली जयंती पर जिल्हा परिषद ठाणे में अभिवादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार को जिल्हा परिषद के सभागृह में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजित यादव ने स्व. अजित पवार की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान स्व. अजित पवार के सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक कार्यशैली और राज्य के विकास में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका कार्य समाज के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजिंक्य पवार, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी (सामान्य प्रशासन) अविनाश फडतरे, मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी वैजनाथ बुरडकर, जिल्हा आरोग्य अधिकारी डॉ. गंगाधर परगे, कार्यकारी अभियंता दीपाली घोरपडे सहित जिल्हा परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Follow Navbharatlive whatsapp