world-news

मोहाली- शादी कर शिमला घूमे, फिर कहा- तुम्हारा कद छोटा: युवती बोली- तलाक का दबाव डाला; 'जमाना खराब, कोई लूट लेगा' कहकर गहने भी ले गए - Mohali News

October 24, 2026

कनाडा से आई फैमिली ने पुर्तगाल की PR युवती से मोहाली में शादी की। इसका खर्च भी युवती से कराया। फिर पति-पत्नी शिमला में घूमने गए। इसके बाद ‘जमाना बहुत खराब है, आजकल गहने लूट लेते हैं’ कहकर उसकी सारी ज्वेलरी अपने पास रख ली। इसके बाद उसके छोटे कद के बहा

.

युवती का आरोप है कि इसके बाद तलाक का दबाव बनाया। आखिर में लड़के वाले उसके गहने लेकर कनाडा चले गए और उसे मां-बाप के घर भेज दिया। अब वह फोन करती है तो कोई जवाब नहीं मिलता। इसके बाद वह NRI पुलिस थाने में पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद विवाहित महिलाओं के साथ उनके पति या पति के रिश्तेदारों द्वारा किए जाने वाले उत्पीड़न या क्रूरता के आरोप में BNS की धारा 85 के तहत केस दर्ज कर लिया है। हालांकि इसमें अभी लड़के वालों का जवाब नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाकर बयान दर्ज किए जाएंगे।

  • 2025 में रिश्तेदार ने करवाया रिश्ता: संदीप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह मूल रूप से मोहाली की रहने वाली है। साल 2023 में विजिटर वीजा पर पुर्तगाल गई थी और इस समय पुर्तगाल की परमानेंट रेजिडेंट (PR) है। रोपड़ का रहने वाले उनके दूर के रिश्तेदार दर्शन सिंह उसकी शादी की बात चलाई। दर्शन उसके ससुर का भी रिश्तेदार था। जब दोनों पक्षों को रिश्ता मंजूर हो गया तो 12 अगस्त 2025 को उसकी सतनाम सिंह से सगाई हो गई।
  • सगाई का पूरा खर्च हमने उठाया: संदीप ने कहा- मेरी सगाई में लड़का सतनाम सिंह, ससुर और सास आए थे। हमारी तरफ से मैं, मेरा भाई और माता आए थे। दोनों पक्षों की सहमति से सगाई संपन्न हुई। सगाई का पूरा खर्च हमारे द्वारा किया गया था और शादी की तारीख 08 मार्च 2026 तय की गई थी।
  • पुर्तगाल से आकर शादी की, 25 लाख खर्चे: संदीप ने कहा- शादी के समय मैं पुर्तगाल से भारत आई थी और मेरा ससुराल परिवार भी कनाडा से भारत आया था। शादी 8 मार्च 2026 को सतनाम सिंह के साथ गुरुद्वारा कुराली के नजदीक जिला मोहाली में हुई थी। इस शादी में हमारा लगभग 25 लाख रुपए का खर्च आया था।
  • शादी में परिवार को अच्छे गहने दिए: संदीप ने कहा- लड़के वालों के कहने पर शादी का कार्यक्रम एक अच्छे रिजॉर्ट में किया था, जिसमें लगभग 100 बाराती शामिल हुए थे। शादी के समय ससुराल वालों के कहने पर हमने लड़के को एक सोने का कड़ा (वजन लगभग 2 तोले), एक सोने की अंगूठी (वजन 1 तोला), सास को सोने का सेट (वजन लगभग 4 तोले) और ससुर को एक सोने की अंगूठी (वजन 8 ग्राम) दी थी। मेरे माता-पिता ने मुझे एक सोने का सेट, सोने की बालियों के 3 जोड़े, चांदी की पाजेब और महंगे कपड़े दिए थे।
  • 20 दिनों के बाद ही ससुराल वाले कनाडा चले गए: संदीप ने कहा- शादी के बाद हम दोनों पति-पत्नी शिमला घूमने गए थे। शादी के लगभग 20 दिन बाद मेरे पति, सास और ससुर वापस कनाडा चले गए। भारत में बिताए इन 20 दिनों के दौरान मेरी सास, ससुर, जेठ और जेठानी मुझे हमेशा ताने मारते थे कि मैं उनकी उम्मीद के मुताबिक दहेज नहीं लाई। वे कनाडा से शादी करने भारत आए थे, लेकिन इस शादी के कारण भारत में उनकी बहुत बेइज्जती हुई है।
  • कद का बहाना बनाकर तलाक मांगा: संदीप ने कहा- मेरा कद लगभग 4 फीट है और मेरे पति का कद भी लगभग इतना ही है। मेरे कम कद के कारण जेठ-जेठानी अक्सर मुझे ताने मारते रहते थे। शादी के अगले ही दिन जेठ-जेठानी और सास-ससुर ने मुझसे कहना शुरू कर दिया कि सतनाम सिंह बहुत सीधा है, हमें इसकी शादी नहीं करनी थी, इसलिए अब तुम सतनाम को तलाक दे दो।
  • जमाना खराब, कोई लूट लेगा, कह गहने ले लिए: संदीप ने कहा- इससे मुझे गहरा धक्का लगा। उस समय मैं डर के मारे कुछ नहीं बोली। इसके बाद मेरे ससुराल वालों ने मेरे मायके से मिले गहने यह कहकर अपने पास रख लिए कि जमाना खराब है और रास्ते में लोग गहने लूट लेते हैं। ये गहने उन्होंने अभी तक वापस नहीं किए हैं। शादी के 17-18 दिन बाद वे कनाडा लौट गए। उस समय मैं अपने ससुराल में थी।
  • जाते वक्त माता-पिता के घर भेज दिया: संदीप ने कहा- जब वे जाने लगे तो मुझसे कह गए कि मैं अपने माता-पिता के घर चली जाऊं और जब मेरा कनाडा का वीजा बन जाएगा तो वे मुझे कनाडा बुला लेंगे। इसके बाद से मेरे पति, सास-ससुर या जेठ-जेठानी ने कभी फोन नहीं किया।
  • शादी नहीं, मेरे साथ मजाक किया: संदीप ने कहा- जब मैंने फोन किया तो उन्होंने कहा कि वे कोई बात नहीं करना चाहते और अगर मुझे बात करनी है तो कनाडा आकर करूं। उन्होंने मुझसे शादी नहीं, बल्कि मजाक किया है। उन्होंने मुझे बहुत तंग-परेशान किया और अब छोड़कर चले गए हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।