sports

टीम इंडिया के सामने अकेले डटा ये बॉलर, भारतीय बल्लेबाजों को किया परेशान, झटके इतने विकेट

October 9, 2026

टीम इंडिया के सामने अकेले डटा ये बॉलर, भारतीय बल्लेबाजों को किया परेशान, झटके इतने विकेट

रॉस्टन चेज ने भारत के खिलाफ अपनी बेस्ट बॉलिंग कीImage Credit source: PTI

वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के लिए भारत का दौरा अच्छा नहीं रहा है. वनडे सीरीज में गेंदबाजों की धुनाई हुई और यही वजह रही कि टीम वो सीरीज हार गई. यही हाल टी20 सीरीज में भी जारी रहा, जहां पहले मैच में बुरी तरह पिटाई हुई. दूसरे टी20 मैच में भी ये सिलसिला जारी रहा, जहां भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 249 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. मगर वेस्टइंडीज का एक गेंदबाज भारत के लिए परेशानी खड़ी करता रहा. ये थे रॉस्टन चेज, जिन्होंने अपनी स्पिन के जाल में 3 बल्लेबाजों को फंसाया.

पिटते गेंदबाजों के बीच चमके चेज

रांची के JSCA स्टेडियम में शुक्रवार 9 अक्टूबर को भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और पहले ओवर से ही बल्लेबाजों ने हमला बोल दिया. अभिषेक शर्मा ने शुरुआत दिलाई तो संजू सैमसन ने इसे आगे बढ़ाया. उन्हें ईशान किशन का जबरदस्त साथ मिला जो अपने होम ग्राउंड पर खेल रहे थे और यहां अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया. इनके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने तूफानी अंदाज में पारी को खत्म किया.

वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने 7 गेंदबाजों को आजमाया लेकिन इनमें से रॉस्टन चेज को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाजों ने 10 रन प्रति ओवर से ज्यादा की दर से रन लुटाए. ऑफ स्पिनर चेज के खिलाफ रन बटोरना भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल साबित हुआ. इस गेंदबाज ने लगातार दूसरे मैच में अभिषेक शर्मा का विकेट हासिल किया. फिर ईशान किशन-सैमसन की साझेदारी को रॉस्टन चेज ने ही तोड़ा, जब उन्होंने ईशान को स्लोअर गेंद पर बोल्ड कर दिया.

भारत के खिलाफ बेस्ट बॉलिंग

रॉस्टन चेज ने अपने आखिरी ओवर में भी एक सफलता हासिल की और शिवम दुबे को भी बोल्ड कर दिया. दुबे को प्रमोट करके चौथे नंबर पर भेजा गया था लेकिन भारत के इस दांव को चेज ने फेल कर दिया. कुल मिलाकर इस स्पिन ऑलराउंडर ने सबसे ज्यादा विकेट और सबसे किफायती गेंदबाजी की. रॉस्टन ने अपने 4 ओवर के स्पैल में सिर्फ 24 रन लुटाए और 3 विकेट लिए. ये भारत के खिलाफ उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है. उन्होंने 4 साल पहले भी 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button