sports

कुमार कुशाग्र ने शतक ठोक इंडिया ए को बचाया, जानिए कौन है ये बल्लेबाज?

September 23, 2026

कुमार कुशाग्र ने शतक ठोक इंडिया ए को बचाया, जानिए कौन है ये बल्लेबाज?

कुमार कुशाग्र का शतक (फोटो-पीटीआई)

Kumar Kushagra: इंडिया ए के लिए विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने कमाल बैटिंग कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मुश्किल में फंसी इंडिया ए की टीम को ना सिर्फ बचाया बल्कि खुद भी शानदार शतक लगाया. ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एक समय इंडिया की टीम 97 रनों पर पांच विकेट गंवा चुकी थी, ऐसे मुश्किल मौके पर कुमार कुशाग्र ने 240 गेंदों में 113 रन बनाकर अपनी टीम को 334 रनों के अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. पुड्डुचेरी के मैदान में चल रहे इस मैच में कुशाग्र ने 12 चौके लगाए और तनुष कोटियान के साथ शतकीय साझेदारी कर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के मंसूबे नाकाम कर दिए.

कुमार कुशाग्र की कमाल बैटिंग

इंडिया ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी. अमन मोखाडे और कप्तान देवदत्त पडिक्कल जल्दी ही पवेलियन लौट गए. इसके बाद शेक रशीद और यश राठौड़ भी जल्दी आउट हो गए. हालांकि ओपनर साई सुदर्शन ने जरूर 57 रन बनाकर टीम का हौसला बुलंद रखा. इसके बाद छठे नंबर पर उतरे विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने पूरा गेम पलट दिया. इस खिलाड़ी ने तनुष कोटियान के साथ मिलकर छठे विकेट लिए 138 रनों की बेहतरीन साझेदारी की. खास बात ये है कि ये जोड़ी 266 गेंदों तक क्रीज पर जमी रही. कोटियान ने भी 138 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली. कुमार कुशाग्र ने हालांकि सेंचुरी लगाई और इंडिया ए की टीम 300 रनों के पार पहुंची.

कुमार कुशाग्र कर रहे हैं खुद को साबित

कुमार कुशाग्र पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. झारखंड के इस खिलाड़ी ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी के फाइनल में कमाल सेंचुरी लगाई थी. उनके बल्ले से पहली पारी में 101 और दूसरी पारी में 46 रन निकले थे. इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में 81 रन बनाकर उन्होंने झारखंज को चैंपियन बनाया था. अब इस खिलाड़ी ने इंडिया ए के लिए शतक ठोक टीम इंडिया के दरवाजे खटखटा दिए हैं.

कुमार कुशाग्र तीनों फॉर्मेट के अच्छे बल्लेबाज

कुमार कुशाग्र की बात करें तो ये खिलाड़ी तकनीकी तौर पर काफी मजबूत है इसलिए वो तीनों फॉर्मेट में अच्छी बैटिंग कर लेते हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुमार कुशाग्र ने 6 शतक और 6 अर्धशतक की मदद से 2337 रन बनाए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट मे कुशाग्र ने 52.69 की औसत से 1370 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं. टी20 में भी ये खिलाड़ी 145 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 694 रन बना चुका है.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button