world-news

शहर आज चुनेंगे अपनी सरकार...अपना कल भी: जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर-पाली निगमों में मतदान आज...विकास के लिए घरों से निकलें - Jaipur News

September 11, 2026

शहर आज चुनेंगे अपनी सरकार...अपना कल भी:जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर-पाली निगमों में मतदान आज...विकास के लिए घरों से निकलें

जयपुर44 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नगर निकाय चुनावों के दूसरे चरण में शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और पाली समेत 147 नगर निकायों में मतदान होगा। इस चरण में 87.60 लाख मतदाता 18,266 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। सबसे अधिक उम्मीदवार जयपुर नगर निगम में हैं। यहां 150 वार्डों में 723 उम्मीदवार, जबकि बाड़मेर के धोरीमन्ना नगर पालिका में सबसे कम 41 प्रत्याशी हैं। औसतन हर वार्ड में 4 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। कोटा नगर निगम में भी टिकट बंटवारे से ही सियासी माहौल गरम है।

दूसरे चरण में 45 पार्षद निर्विरोध जीत चुके हैं। पिछले चुनाव में इन निकायों में 67.93 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इस बार वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां की हैं। पिछली बार बढ़े वोटिंग प्रतिशत का फायदा कांग्रेस को 40% से अधिक निकायों में हुआ था। दूसरे चरण में 4,852 वार्ड हैं। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस से ज्यादा निर्दलीय व अन्य दलों के प्रत्याशी मैदान में हैं। माना जा रहा है कि 70% निकायों में बागी या निर्दलीयों की भूमिका अहम रहेगी। इन्हीं के प्रदर्शन पर पार्टी की नजर टिकी है।

गौरतलब है कि पहले चरण में 162 नगर निकायों में 76 फीसदी से अधिक मतदान होने से भाजपा और कांग्रेस की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को बाड़ेबंदी में भेजना शुरू कर दिया और निर्दलीयों से संपर्क साध रहे हैं। रिजल्ट 14 सितंबर को आएगा।

भाजपा के 55, कांग्रेस के 32 विधायकों की साख दांव पर

भजनलाल, दीया और गहलोत की भी परीक्षा

दूसरे चरण में शुक्रवार को होने वाले मतदान में राजस्थान के बड़े सियासी चेहरों की भी बड़ी परीक्षा है। 147 नगर निकाय में 100 विधानसभा सीटें हैं। इनमें भाजपा के 55 और कांग्रेस के 32 विधायक हैं। जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा के क्षेत्र सांगानेर, डिप्टी सीएम दीया कुमारी के क्षेत्र विद्याधरनगर और उद्योग मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ की झोटवाड़ा साख दांव पर है।

कोटा में शांति धारीवाल, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, जोधपुर में अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अजमेर में भागीरथ चौधरी और विधानसभा स्पीकर देवनानी, पाली में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का भी लिटमस टेस्ट होगा। वार्ड टिकटों में विधायकों, विधायक प्रत्याशी, सांसद या सांसद प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्रियों की सहमति या दखल रही है।

इन बड़े नेताओं की पैरवी से कई लोगों ने टिकट हासिल किए हैं। पहले चरण में बुधवार को 162 नगर निकायों के लिए करीब 76.41 फीसदी वोटिंग हुई थी। पहले चरण में सबसे हॉट सीट अलवर, भरतपुर समेत कई जिलों में बंपर वोटिंग के बाद समीकरण बदलने के आसार हैं। ऐसे में शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा-कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है।

जयपुर: कई सीटों पर कांटे की टक्कर

  • वार्ड 76 में भाजपा से पुनीत कर्नावट और कांग्रेस से प्रदीप जैन के बीच मुकाबला है। ये हॉट सीट इसलिए है क्योंकि यहां पर विधायक कालीचरण ने भाजपा का सिंबल किसी और को दिया था और बाद में पार्टी ने पुनीत को टिकट दिया। वार्ड 49 में कांग्रेस के पूर्व पार्षद धर्मसिंह सिंघानिया और भाजपा के मुकेश शर्मा काका मैदान में हैं। ये सीएम के करीबी हैं।
  • वार्ड 110 में भाजपा से पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल मैदान में हैं, जबकि यहां से कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद अरविंद मेठी की पत्नी सुनीता को टिकट मिला है। इसे हॉट सीट इसलिए माना जाता है क्योंकि यहां वैश्य बाहुल्य है।

प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी; 10 हजार दूसरे शहरों में भेजे, 8 हजार आज बाड़े में जाएंगे

निकाय चुनाव में बाड़ेबंदी तेज हो गई है। पहले चरण में जहां मतदान हो चुके हैं, वहां से उम्मीदवारों को 150 से 200 किमी दूर दूसरे शहरों में शिफ्ट किया जा रहा है। एक-दो दिन में दोबारा इन सभी की जगह बदली जाएगी। बाड़ेबंदी में बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशी रहीं। कई महिलाएं बच्चों को भी साथ ले गई हैं। सोशल मीडिया के जरिए परिजनों और रिश्तेदारों के साथ खुद की खैरियत बताती दिखीं। गुरुवार देर रात टोंक की नगर पालिकाओं के पार्षद प्रत्याशियों को जयपुर लाया गया। दूसरे जिलों के कई पार्षद उदयपुर, राजसमंद सहित कई जगह भेजे गए हैं। उधर मारवाड़ के प्रत्याशियों को पड़ोसी जिलों में ही रखा गया है।

दूसरे चरण की बाड़ेबंदी आज रात से ही शुरू होगी

जयपुर, जोधपुर, कोटा समेत कई नगर निगम, परिषद और पालिकाओं की बाड़ेबंदी भी शुक्रवार रात से ही देखने को मिलेगी। भाजपा-कांग्रेस के करीब 8 हजार प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की जा रही है। प्रथम और द्वितीय चरण की कुल बाड़ाबंदी 18 हजार से अधिक का अनुमान है।

जीतने वाले प्रत्याशी 21 को मेयर चुने जाने तक 200 किमी दूर शिफ्ट रहेंगे

प्रदेश में 14 सितंबर को निकाय चुनाव का परिणाम आएगा। ऐसे में हारने वाले प्रत्याशी घर पहुंचेंगे। उधर निर्दलीय प्रत्याशियों से जोड़-तोड़ बैठाकर मेयर, चेयरमैन के पक्ष में मतदान कराया जाएगा। क्रॉस वोटिंग की रोकथाम के लिए पार्टियां इतने बड़े स्तर की बाड़ेबंदी कर रही हैं।

.