संसद में 'राम मंदिर प्रदर्शन' के बाद बुरी फंसे पप्पू यादव! दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज, क्या होगी गिरफ्तारी?
Published: Saturday, August 1, 2026, 19:36 [IST]
Pappu Yadav Ram Mandir protest: संसद परिसर में राम मंदिर चंदा घोटाले के कथित आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाले पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भगवान रामलला की तस्वीर और भगवा प्रतीकों का अपमान किया गया, जिससे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
वहीं विपक्ष का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल कथित चंदा गड़बड़ी और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर किया गया था। अब मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों मोर्चों पर तूल पकड़ता दिख रहा है।
पप्पू यादव पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में सूर्य मैथिल नामक व्यक्ति ने पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान उन्होंने भगवान रामलला की तस्वीर को पैरों के नीचे रखा और भगवा वस्त्रों का अपमान किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रदर्शन से करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस आयुक्त और संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढे़ं: संसद में साधु बने पप्पू यादव, राहुल गांधी ने जैसे ही डाला दान, पेटी लेकर हो गए रफूचक्कर
संसद परिसर में नाटक के जरिए सरकार पर साधा निशाना
31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी की भूमिका में नजर आए और हाथ में भगवान राम की तस्वीर लेकर चंदा इकट्ठा करने का प्रतीकात्मक अभिनय किया। इस दौरान अन्य विपक्षी सांसद श्रद्धालु बने और दान पेटी में चढ़ावा चढ़ाने का दृश्य प्रस्तुत किया। नाटक में दिखाया गया कि पुजारी दान पेटी की बजाय पैसे अपनी जेब में रख लेता है, जिसके जरिए कथित राम मंदिर चंदा गड़बड़ी का आरोप उठाया गया।
INDIA गठबंधन के सांसद भी प्रदर्शन में रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, अवधेश प्रसाद समेत INDIA गठबंधन के कई सांसद मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान "चंदा चोर, गद्दी छोड़", "जवाब तुमको देना होगा" और "अमित शाह सदन में आओ" जैसे नारे लगाए गए। विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह से संसद में आकर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और कथित राम मंदिर चंदा मामले पर जवाब देने की मांग की। इस प्रदर्शन को विपक्ष ने जवाबदेही की लड़ाई बताया।
ये भी पढे़ं: 'PM का दोस्त या जेनरेशन गटर?', कंगना के बयान पर भड़के सांसद पप्पू यादव, बोले-दर्ज हो केस, सदन से निकाला जाए
शिकायत के बाद राजनीतिक विवाद और कानूनी बहस तेज
शिकायत दर्ज होने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से और गर्मा गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विपक्ष ने राजनीतिक विरोध के नाम पर धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर आस्था का अपमान किया है। दूसरी ओर विपक्ष का पक्ष है कि उनका विरोध भ्रष्टाचार के कथित आरोपों और सरकार से जवाब मांगने तक सीमित था। अब यह देखना होगा कि दिल्ली पुलिस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और क्या यह मामला आगे कानूनी जांच या एफआईआर तक पहुंचता है।