Published: Monday, July 27, 2026, 12:00 [IST]
Sreelekha Mitra On PM Narendra Modi: बंगाली इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि कोलकाता में गत 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। एक्ट्रेस के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमानजनक पोस्टर दिखाने के आरोप में कई पुलिस स्टेशनों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा पर BJP महिला नेता ने लगाया गंभीर आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीजेपी महिला नेता केया घोष ने आनंदपुर पुलिस स्टेशन में एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसके अलावा विधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन समेत कई जिलों में और भी शिकायतें दर्ज की गई हैं।
PM Modi का 'आपत्तिजनक और अपमानजनक' कैरिकेचर से जुड़ा मामला
केया घोष की शिकायत के अनुसार श्रीलेखा मित्रा ने गत 24 जुलाई 2026 को सियालदह से धर्मतला तक छात्रों की रैली में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था और सार्वजनिक रूप से एक ऐसा पोस्टर दिखाया था नरेंद्र जिसमें पीएम मोदी का 'आपत्तिजनक और अपमानजनक' कैरिकेचर (व्यंग्यात्मक चित्र) बना हुआ था।
केया घोष ने श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ की शिकायत
-केया घोष की शिकायत में कहा गया है- हालांकि भारत का संविधान अनुच्छेद 19(1)(b) के तहत शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है लेकिन ये अधिकार उचित प्रतिबंधों के अधीन है। राजनीतिक विरोध के जरिए असहमति जताना सार्वजनिक बदनामी, सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने या सार्वजनिक अशांति भड़काने वाले अपमानजनक तस्वीर तक नहीं फैलाया जा सकता।
-हालांकि पुलिस ने शिकायतें स्वीकार कर ली हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। इस विवाद पर बात करते हुए एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा ने अपना पक्ष साफ किया है और कहा है कि उनका मकसद पीएम मोदी का अपमान करना बिल्कुल नहीं था।
श्रीलेखा मित्रा ने कहा- मुझे देशद्रोही कहना गलत है
अपनी बेबाकी और विवादास्पद बयानों के लिए मशहूर एक्ट्रेस श्रीलेखा मित्रा ने टॉलीवुड में नेपोटिज्म, पक्षपात और राजनीतिक दखलंदाजी के खिलाफ अक्सर आवाज उठाई है। फिलहाल एक्ट्रेसने कहा- मेरी एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें मैंने एक खास पोस्टर पकड़ा हुआ है। हो सकता है कि मैं बीजेपी-विरोधी हूं लेकिन मुझे देशद्रोही कहना हंसी की बात है। अगर कोई ये सोचता है कि मैंने जान-बूझकर वह पोस्टर पकड़कर तस्वीर खिंचवाई है, तो ये भी उतनी ही बेतुकी बात है।
श्रीलेखा मित्रा ने कहा- मैंने चश्मा नहीं पहना था
-श्रीलेखा मित्रा ने बताया कि वह छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सड़क पर उतरी थीं और भीड़ के साथ दौड़ रही थीं, तभी किसी ने उन्हें वह पोस्टर थमा दिया था। उन्होंने पढ़ने वाला चश्मा नहीं पहना था, इसलिए वह उस तस्वीर को साफ-साफ नहीं देख पाई थीं।
-श्रीलेखा मित्रा ने कहा- मैं अपना चश्मा लाना भूल गई थी और मेरे पास सिर्फ धूप का चश्मा (सनग्लास) था। उन्होंने आगे बताया कि उस समय पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी, इसलिए पोस्टर पर छपी तस्वीर को देखे बिना ही उन्होंने जल्दी से पोज दे दिया था।
केया घोष ने कहा- श्रीलेखा मित्रा को गिरफ्तार करो
-आपको बता दें कि श्रीलेखा मित्रा के सफाई देने के बावजूद, बीजेपी की महिला नेता केया घोष ने एक्ट्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई हैं। केया घोष ने कहा है कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी को सिर्फ पार्टी लीडर के तौर पर नहीं बल्कि देश के नागरिक के तौर पर दिखाए जाने के तरीके पर गुस्सा आया है।
-केया घोष ने आगे कहा- श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ ऐसी आपत्तिजनक तस्वीर शेयर करने के लिए उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसी हरकत के लिए कड़ी सजा मिलनी चाहिए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वरना, हम इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।