sports

PAK vs SL: 13 चौके-छक्के... कुसल मेंडिस के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, क्लीन स्वीप का सपना टूटा

October 13, 2026

PAK vs SL: 13 चौके-छक्के… कुसल मेंडिस के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, क्लीन स्वीप का सपना टूटा

कुसल मेंडिस ने की चौके-छक्कों की बारिश. (फोटो- PTI)

PAK vs SL 3rd T20I: श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच में धमाकेदार पलटवार किया. सीरीज भले ही पाकिस्तान ने अपने नाम कर ली, लेकिन तीसरे और आखिरी मुकाबले में श्रीलंका ने एकतरफा जीत दर्ज की है. रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान कुसल मेंडिस की नाबाद 87 रनों की आतिशी पारी के दम पर श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंद दिया. पाकिस्तान की ओर से जीत के लिए रखे गए 169 रनों के टारगेट को श्रीलंकाई टीम ने सिर्फ 17.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया.

कुसल मेंडिस ने की चौके-छक्कों की बारिश

169 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भले ही खराब रही और लाहिरू उदारा सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद कुसल मेंडिस ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. कुसल मेंडिस ने सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 87 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए सिनेथ जयवर्धने के साथ 59 रनों की तेज साझेदारी कर टीम को पटरी पर ला दिया.

जयवर्धने के आउट होने के बाद कुसल को कामिंदु मेंडिस का बेहतरीन साथ मिला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 98 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की. कामिंदु मेंडिस ने 27 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाकर श्रीलंका की जीत पर मुहर लगा दी.

दासुन शनाका-वियास्कंथ की कसी हुई गेंदबाजी

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन ही बना सकी. पूर्व कप्तान दासुन शनाका ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए. महीश तीक्षणा की जगह टीम में शामिल किए गए युवा स्पिनर विजयकांत वियास्कंथ ने अपने 4 ओवर के कोटे में 23 रन दिए और 1 विकेट झटका, जिससे बीच के ओवरों में पाकिस्तान की रन गति पूरी तरह थम गई. इसके अलावा ईशान मलिंगा और नुवान तुषारा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

पाकिस्तान की ओर से कप्तान साहिबजादा फरहान ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 76 रन बनाए और सीरीज के तीनों मैचों में फिफ्टी जड़ने का कीर्तिमान भी बनाया, हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से मजबूत साथ नहीं मिला. जिसके चलते पाकिस्तान एक बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गया और क्लीन स्वीप का सपना अधूरा रह गया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button