sports

PAK क्रिकेट में हड़कंप, इंग्लैंड दौरे पर छीने गए फोन, अब साइबर क्राइम एजेंसी करेगी पूछताछ

September 10, 2026

PAK क्रिकेट में हड़कंप, इंग्लैंड दौरे पर छीने गए फोन, अब साइबर क्राइम एजेंसी करेगी पूछताछ

PAK क्रिकेटर्स से साइबर क्राइम एजेंसी करेगी पूछताछ. (फोटो- GETTY)

Pakistan Cricket Controversy: पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहा संकट अब ड्रेसिंग रूम और बोर्ड रूम से निकलकर सीधे जांच एजेंसियों की चौखट तक पहुंच गया है. इंग्लैंड दौरे से बीच में ही वापस घर भेजे गए सीनियर विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक को पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने समन भेजा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसी ने दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को पूछताछ के लिए तलब किया है. रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि इन दोनों के अलावा एक तीसरे अज्ञात इंटरनेशनल क्रिकेटर को भी एजेंसी ने नोटिस थमाया है.

लंदन में जब्त किए गए थे फोन

लॉर्ड्स टेस्ट में मिली करारी शिकस्त के बाद जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने स्क्वॉड में बड़ा फेरबदल करते हुए 7 खिलाड़ियों को वापस वतन भेजा था, तब इसे शुरुआती तौर पर खराब फॉर्म और अनुशासनहीनता की कार्रवाई माना गया था. सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड ने इंग्लैंड में ही दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे. बाद में इन फोन्स को जांच के लिए अधिकारियों के हवाले कर दिया गया था.

फोन से कथित तौर पर मिली संदिग्ध सामग्री और जानकारियों के आधार पर ही अब साइबर क्राइम एजेंसी सीधे इस मामले में दाखिल हुई है. यह एजेंसी सीधे संघीय आंतरिक मंत्रालय के अधीन कार्य करती है, जिसके हेड मोहसिन नकवी हैं, जो संयोग से मौजूदा समय में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन भी हैं.

जांच का सामना करेंगे खिलाड़ी

लॉर्ड्स टेस्ट के बाद की गई इस कार्रवाई पर पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन पर्दे के पीछे खिलाड़ियों पर अनुशासन तोड़ने के गंभीर आरोप हैं. न तो मोहम्मद रिजवान और न ही इमाम-उल-हक की तरफ से इस समन पर अब तक कोई सार्वजनिक बयान जारी किया गया है. दोनों खिलाड़ी पाकिस्तान लौट चुके हैं और साइबर एजेंसी के साथ-साथ उन्हें आने वाले दिनों में पीसीबी की अनुशासनात्मक जांच समिति के कड़े सवालों का भी सामना करना पड़ेगा.

तमाम विवादों और जांच के बादलों के बीच ये दोनों खिलाड़ी आगामी घरेलू सीजन में रेड बॉल के क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं. रिजवान और इमाम 12 सितंबर से 28 अक्टूबर तक चलने वाली पाकिस्तान के फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 में हिस्सा लेंगे. इमाम-उल-हक को OGDCL की कप्तानी सौंपी गई है, वहीं मोहम्मद रिजवान SNGPL के उपकप्तान होंगे.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button