
तिलक वर्मा ODI WC की योजना का हिस्सा (Photo: PTI)
वनडे का वर्ल्ड कप अगले साल होना है. लेकिन, उसके लिए टीम इंडिया के सेलेक्टर्स की माथापच्ची शुरू हो गई है. भारतीय सेलेक्टर्स ने टीम के मिडिल ऑर्डर के बैक अप पर अपना काम शुरू कर दिया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार बल्लेबाजी ऑर्डर के टॉप-6 में तिलक वर्मा का नाम श्रेयस अय्यर के संभावित बैकअप विकल्प के तौर पर सामने आया है. इसका मतलब है कि वो अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में अय्यर के विकल्प के तौर पर टीम में जगह बना सकते हैं. अब सवाल है तिलक वर्मा ही क्यों?
तिलक वर्मा ही क्यों? मिला ये खास संदेश
तिलक वर्मा को श्रेयस अय्यर के बैक अप विकल्प के तौर पर देखने की सबसे बड़ी वजह उनका बाएं हाथ का बल्लेबाज होना है. टीम इंडिया के वनडे के टॉप ऑर्डर में दाएं हाथ वाले बल्लेबाज भरे पड़े हैं. ऐसे में बाएं हाथ के तिलक वर्मा उस दाएं हाथ वाले क्रम को तोड़ने का काम कर सकते हैं. इसके अलावा उनकी ऑफ ब्रेक गेंदबाजी भी टीम के काम आ सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक तिलक को अपनी गेंदबाजी पर काम करने को भी कहा गया है. ऐसा मानना है कि वो डेथ ओवर में बॉलिंग के भी विकल्प बन सकते हैं.
मिडिल ऑर्डर में बैक अप विकल्प जरूरी क्यों?
BCCI के सूत्रो के हवाले से TOI ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि गंभीर और गिल का मानना है कि टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर विकल्प अभी तैयार नहीं है. हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी की इंजरी को देखते हुए वो टॉप ऑर्डर में एक ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं जो 4 ओवर निकाल सके.
सूत्रों के मुताबिक टीम को वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए तैयार रहना होगा. अय्यर ऑस्ट्रेलिया में चोटिल हो गए थे, वहीं पेस और बाउंस के खिलाफ उनका गेम हाल में टेस्टेड नहीं है.टीम में पहले से ही रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दो उम्रदराज खिलाड़ी हैं. उन्हें भी निगल्स हो रहे हैं. केएल राहुल भी वर्ल्ड कप तक 35 की उम्र पार कर जाएंग. रवींद्र जडेजा को लेकर भी कुछ निश्चित नहीं हैं. फिटनेस में आई गिरावट का असर टीम की फील्डिंग पर पड़ा है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट को लगता है कि उन्हें युवा बैकअप तैयार रखने की जरूरत है.
न्यूजीलैंड दौरे से ही शुरू होगा तैयारियों का सिलसिला
जहां तक वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का सवाल है तो वो अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे से ही सही मायनों में शुरू होता दिखेगा. उससे पहले 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज है. मगर उसमें टीम इंडिया अपने पूरे दमखम के साथ नहीं होगी. क्योंकि, उसके कई बड़े खिलाड़ी एशियन गेम्स का हिस्सा होंगे.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More