मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर चर्चा की। कंपनी PM मित्र पार्क में करीब ₹1200 करोड़ का निवेश करेगी। बरलाई, PM मित्र पार्क और बेटमा में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी।
युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
- Published: 12 Aug 2026, 03:28 PM IST
- Last Updated: 12 Aug 2026, 03:28 PM IST
भोपाल/अहमदाबाद: मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अगस्त को अहमदाबाद प्रवास के दौरान अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ने से दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अरविंद लिमिटेड मध्यप्रदेश में तीन स्थानों देवास के पास बरलाई, धार के PM मित्र पार्क और इंदौर के बेटमा में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी के इन प्रोजेक्ट्स से प्रदेश में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर को बढ़ावा मिलने के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
PM मित्र पार्क में ₹1200 करोड़ का निवेश
अरविंद लिमिटेड की ओर से धार स्थित PM मित्र पार्क में करीब ₹1200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। इसके लिए कंपनी को लगभग 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले वर्ष तक यहां उत्पादन शुरू किया जा सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेश प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने को लेकर अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। बैठक में आवेदन प्रक्रिया, प्रस्ताव के परीक्षण और आवश्यक अनुमोदन जल्द पूरा करने पर भी विचार किया गया।

5000 लोगों को मिल सकता है रोजगार
सरकार के मुताबिक गुजरात के सहयोग से मध्यप्रदेश के करीब 5000 लोगों को गारमेंट सेक्टर में रोजगार मिलने की संभावना है। अरविंद समूह की औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से टेक्सटाइल और परिधान उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश आने से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से राज्य को कर राजस्व के रूप में अतिरिक्त संसाधन भी प्राप्त होंगे, जिसका उपयोग प्रदेश के विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
बरलाई, PM मित्र पार्क और बेटमा में स्थापित होंगी इकाइयां
अरविंद लिमिटेड मध्यप्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार कर रही है। इनमें देवास के निकट बरलाई, धार का PM मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा क्षेत्र शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के साथ कंपनी प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी काम कर रही है। इससे मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
उद्योगों को मिलेंगे निवेश प्रोत्साहन
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में टेक्सटाइल और परिधान उद्योगों के लिए उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी भी दी। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट सुविधाओं के लिए सहायता जैसे प्रावधान शामिल हैं।
सरकार का उद्देश्य बड़े निवेश के साथ प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करना है।
औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुन: उपयोग पर जोर
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुन: उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
मध्यप्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों के लिए कॉमन ZLD सिस्टम विकसित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा औद्योगिक पार्कों को नजदीकी नगर निगमों के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़कर सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी मॉडल विकसित करने का सुझाव भी सामने आया।
सिंहस्थ-2028 में आधुनिक संचार व्यवस्था की तैयारी
बैठक में सिंहस्थ-2028 के दौरान आधुनिक मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई।
पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन के लिए वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क और सार्वजनिक सुरक्षा संचार व्यवस्था का उपयोग किए जाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
CM मोहन यादव ने GIS-2027 के लिए दिया न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव उद्योग नीरज मंडलोई, उद्योग सचिव जॉन किंसले और एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।