MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
.
दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास.
1. भोजशाला पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, हर शुक्रवार होगी नमाज

सुप्रीम कोर्ट ने धार की भोजशाला परिसर को लेकर अहम निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि हर शुक्रवार मुस्लिम पक्ष को नमाज के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को स्पष्ट निर्देश दिए कि परिसर की मौजूदा स्थिति से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाए। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के दावों पर चर्चा हुई और कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने पर जोर दिया। यह आदेश लंबे समय से चल रहे भोजशाला विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर
2. धीरेंद्र शास्त्री के भाई पर फायरिंग का आरोप, युवक के सीने में लगी गोली
छतरपुर में एक युवक ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सालिग्राम गर्ग पर मारपीट और गोली मारने का आरोप लगाया है। युवक के सीने में गोली लगी, जिसे डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाल दिया। घटना के बाद सामने आए वीडियो में सालिग्राम गर्ग हथियार लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर
3. नौकरी का झांसा, 15 दिन बंधक... रेलवे स्टेशन के पास मिली नाबालिग

सतना के कैमाहा रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग बेहोशी की हालत में मिली। उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। होश आने पर पीड़िता ने बताया कि नौकरी का झांसा देकर उसे ले जाया गया था, जहां 15 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर
4. जुलाई में पहली बार कमजोर पड़ा मानसून, 3% से भी कम बारिश
मध्य प्रदेश में जुलाई के दौरान पहली बार बारिश का आंकड़ा 3% से नीचे पहुंच गया है। पिछले पांच दिनों से अधिकांश इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी हो रही है। अब तक प्रदेश में 241.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से काफी कम है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल भारी बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, हालांकि आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में बारिश बढ़ने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर
5. ट्विशा केस में फिर अड़े आरोपी, CBI बोली- AIIMS ने भी रिपोर्ट नहीं दी

भोपाल की अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ ने एक बार फिर वॉयस सैंपल देने से इनकार कर दिया। वर्चुअल सुनवाई के दौरान CBI ने कोर्ट को बताया कि भोपाल AIIMS ने अब तक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई है। एजेंसी ने जांच पूरी करने के लिए समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने आरोपियों की रिमांड बढ़ा दी। मामले की जांच CBI कर रही है। पढ़ें पूरी खबर
6. महाकाल पुजारियों पर बयान के बाद महामंडलेश्वर ने मांगी माफी
महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज ने महाकाल मंदिर के पुजारियों पर दिए अपने विवादित बयान के लिए माफी मांग ली है। उन्होंने दान चोरी रोकने के लिए पुजारियों को बिना जेब वाले कुर्ते पहनने की सलाह दी थी, जिसका महाकाल सेना ने विरोध किया। विरोध बढ़ने के बाद शांति स्वरूपानंद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावना आहत करना नहीं था और यदि किसी को ठेस पहुंची है तो वे क्षमा चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर
7. पटवारी का सवाल- पेपर लीक के पीछे बीजेपी के ही माफिया क्यों?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस की साइक्लोथॉन के दौरान पेपर लीक मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि हर पेपर लीक के पीछे बीजेपी से जुड़े माफिया ही क्यों सामने आते हैं। इस दौरान इंदौर में गांधी प्रतिमा के सामने कचरा फैलाने पर नगर निगम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर स्पॉट फाइन भी लगाया। कांग्रेस की साइक्लोथॉन प्रदेशभर में जारी है। पढ़ें पूरी खबर
पॉजिटिव खबर
8. डूबती युवती के लिए देवदूत बनी पुलिस, नदी में कूदकर बचाई जान

नर्मदापुरम में नर्मदा नदी में डूब रही एक युवती की जान पुलिसकर्मियों ने बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस जवान नदी में कूद गए और युवती को बाहर निकाल लिया। किनारे लाने के बाद उसकी सांसें नहीं चल रही थीं, जिस पर मौके पर ही CPR दिया गया। कुछ देर बाद युवती की हालत सामान्य हुई और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर
खबर जरा हटके
9. 7 फीट ऊंचा गेट फांदकर बाजार पहुंचा सांड, ठेले-बाइक पलटाईं
खरगोन में एक सांड ने मंगलवार को करीब तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। शुरुआत एसपी कार्यालय परिसर से हुई, जहां वह लोगों पर हमला करने दौड़ा। रेस्क्यू के दौरान सांड और उग्र हो गया। इसी बीच उसने एसपी परिसर का बंद 7 फीट ऊंचा गेट फांदकर बाजार में प्रवेश कर दिया। वहां दो आम के ठेले और तीन मोटरसाइकिलें पलट दीं, जिससे करीब आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। बाद में गौसेवकों ने उसे पकड़ लिया। पशु चिकित्सकों को सांड में रेबीज की आशंका है, इसलिए उसे कांजी हाउस में क्वॉरेंटाइन किया गया। पढ़ें पूरी खबर
कल का बिग इवेंट
10. MP पुलिस का 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान आज से
मध्य प्रदेश पुलिस 15 से 30 जुलाई तक राज्यभर में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान चलाएगी। 15 दिन के इस विशेष अभियान के दौरान नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और अवैध नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है।