world-news

Maharashtra: यवतमाल में जिलेटिन स्टिक से भरे डिब्बे में जोरदार विस्फोट, चार की मौत; पांच घायल

September 26, 2026

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शनिवार को एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुए जोरदार विस्फोट से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. हादसा उमरखेड़ इलाके में धनाकी रोड स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुआ. पुलिस के मुताबिक, विस्फोट एक ट्रैक्टर से जुड़े जिलेटिन स्टिक से भरे धातु के डिब्बे में हुआ. धमाके के बाद मौके पर आग लग गई और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए.

पुलिस के अनुसार, विस्फोट से जुड़े काम में इस्तेमाल हो रहे एक ट्रैक्टर को मरम्मत के लिए धनाकी रोड स्थित वेल्डिंग वर्कशॉप में लाया गया था. वर्कशॉप में ट्रैक्टर की वेल्डिंग और मरम्मत का काम चल रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर से जुड़े जिलेटिन स्टिक से भरे धातु के डिब्बे में अचानक विस्फोट हो गया.

वेल्डिंग के दौरान हुआ धमाका

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक तेज धमाका हुआ. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. धमाके के बाद वर्कशॉप में आग भी लग गई. पुलिस को मौके पर ट्रैक्टर के पिछले टायर के पास लगा एक एयर सिलेंडर भी फटा हुआ मिला है.

हादसे में चार लोगों की झुलसने से मौत हो गई. पांच अन्य लोग भी आग और विस्फोट की चपेट में आकर घायल हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की.

स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल उमरखेड़ उप-जिला अस्पताल पहुंचाया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया. घायलों की हालत को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. उमरखेड़ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है.

जिलेटिन स्टिक कहां से आईं, जांच जारी

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर से जुड़े धातु के डिब्बे में जिलेटिन स्टिक क्यों रखी गई थीं और इन्हें वहां किस काम के लिए ले जाया जा रहा था. साथ ही वेल्डिंग के दौरान विस्फोट कैसे हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. हादसे के वास्तविक कारणों और जिलेटिन स्टिक से जुड़े पूरे मामले की जांच जारी है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button