world-news

सुल्तानपुर में बारिश-तूफान से भारी नुकसान, 42 मकान गिरे: 1,070 बिजली पोल और 89 ट्रांसफार्मर टूटे; टार्च की रौशनी में पढ़ रहे बच्चे - Sultanpur News

September 26, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Sultanpur
  • Sultanpur Storm Destruction | Power Outage Forces Kids To Study In Dark

सुल्तानपुर10 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सुल्तानपुर में भारी बारिश और तूफान से जिलेभर में नुकसान हुआ है। प्रशासन के मुताबिक शनिवार शाम 4 बजे तक 7 पशुओं की मौत हुई और 42 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली के ढांचे को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। करीब 1,070 बिजली के पोल और 89 ट्रांसफार्मर टूट गए। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से बच्चे टॉर्च की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं।

21 उपकेंद्रों की 33 केवी सप्लाई बहाल

जिले में 46 विद्युत उपकेंद्रों में से 21 की 33 केवी सप्लाई बहाल कर दी गई है। 197 में से 89 फीडरों पर बिजली आपूर्ति शुरू हो चुकी है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में करीब 460 कर्मचारी और 20 मशीनें लगाई गई हैं।

सड़कों से पेड़ हटाकर यातायात कराया चालू

लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर यातायात शुरू कराया। जयसिंहपुर, बल्दीराय, कादीपुर और लंभुआ तहसील क्षेत्रों में सड़कों पर गिरे पेड़ हटाए गए। सदर तहसील के निगोलिया और धम्मौर गांवों में जलभराव की समस्या भी दूर की गई।

धान की 25 से 30% फसल को नुकसान

कूरेभार, धनपतगंज समेत कई ब्लॉक क्षेत्रों में धान की करीब 25 से 30 प्रतिशत फसल को नुकसान बताया गया है। लंभुआ के नरेंद्रपुर में किसान रौनक सिंह की 4 बीघा खड़ी धान की फसल तेज हवा और बारिश में बर्बाद हो गई।

कूरेभार के किसान अनिल वर्मा की 6 बीघा धान की फसल में से 2 बीघा फसल गिर गई। कई गांवों में धान और गन्ने की करीब 10 प्रतिशत फसल गिरने से किसानों को नुकसान हुआ है।

800 केले के पेड़ों में 300 गिरे

आनापुर निवासी राम उजागिर वर्मा के 800 केले के पेड़ों में से करीब 300 पेड़ तेज हवा के कारण गिर गए। मोतिगरपुर के डींगुरपुर बनकेगांव, पहाड़पुर, मलवा, हमजाबाद और विशुनपुर समेत कई गांवों में गन्ने की फसल भी गिर गई।

मोतिगरपुर में डेढ़ लाख से ज्यादा आबादी बिजली संकट में

मोतिगरपुर ब्लॉक क्षेत्र में डेढ़ लाख से अधिक आबादी बिजली संकट से जूझ रही है। विद्युत उपकेंद्र दियरा से जुड़े मोतिगरपुर, बरौसा, पहाड़पुर, हमजाबाद और दियरा समेत छह फीडरों पर करीब 20 बिजली के पोल उखड़ गए या क्षतिग्रस्त होकर लटक गए हैं।

ढेमा स्थित विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति भी बारिश और तेज हवा से प्रभावित हुई। ढेमा, सरैंया, गोपालपुर और पांडेबाबा फीडर से जुड़े 50 हजार से ज्यादा लोग दो दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं।

अलग-अलग फीडरों पर करीब 15 पोल टूटने की जानकारी है।विद्युत विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं। कई क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि प्रभावित इलाकों में काम जारी है।

.