Aug 30, 2026 04:28 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

KKK 15 Rohit Shetty: रियलिटी टीवी शो खतरों के खिलाड़ी के हालिया एपिसोड में रोहित शेट्टी ने सेलेब्रिटीज को एक इमारत की छठवीं मंजिल पर से टूटे हुए पुल की मदद से दूसरी इमारत तक जाने का टास्क दिया था।

खतरों के खिलाड़ी 15 में खिलाड़ियों ने नहीं किया टास्क तो चढ़ा होस्ट रोहित शेट्टी का पारा।
रियलिटी टीवी शो 'खतरों के खिलाड़ी' का यह सीजन लगातार सुर्खियों में रहा है। कभी सेलेब्रिटीज की सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े हो गए तो कभी स्टंट्स के बीच हुई चीजें खबरों में रहीं। शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने सीजन की शुरुआत में ही ऑडियंस से वादा किया था कि इस बार उन्हें काफी फिल्मी और खतरनाक स्टंट देखने को मिलेंगे, लेकिन मुश्किल यह आ गई है कि कुछ स्टंट इतने मुश्किल कर दिए गए हैं कि बेचारे सेलेब्रिटीज के उन्हें करने में ही पसीने छूट जा रहे हैं। हालिया एपिसोड में इसी तरह की मुश्किल उस वक्त पेश आई जब पहला स्टंट तो आसानी से हो गया, लेकिन दूसरा स्टंट इतना मुश्किल था कि हर्ष गुजराल, जैस्मीन भसीन और शगुन शर्मा ने इसे करने से ही मना कर दिया।
आपा खो बैठे शो के होस्ट रोहित शेट्टी
बात जब शो की साख पर बन आई तो KKK 15 के होस्ट रोहित शेट्टी अपना आपा खो बैठे। वह खिलाड़ियों पर बरस पड़े और इन तीनों ही सेलेब्रिटीज से शो छोड़कर जाने को कह दिया। बता दें कि इस हफ्ते 'खतरों के खिलाड़ी 15' के दूसरे स्टंट में सेलेब्रिटीज को छह मंजिल ऊंची एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग तक जाना था। एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग तक पहुंचने के लिए उन्हें लकड़ी के एक टूटे हुए पुल का इस्तेमाल करना था, जिसमें उन्हें टूटे हुए तख्तों को इस्तेमाल करना था। हर्ष गुजराल, जैस्मीन भसीन, शगुन शर्मा और ऋत्विक धनजानी को यह स्टंट दिया गया था।
हर्ष ने कोशिश से पहले छोड़ा टास्क
हर्ष ने तो यह स्टंट करने की कोशिश करने से पहले ही इसे अबॉर्ट कर दिया। वहीं जैस्मीन ने थोड़ी देर कोशिश की और फिर हार मान ली। शगुन भी घबरा गई और उसने भी यह टास्क छोड़ दिया। इस सबके बाद ऋत्विक ही इकलौते कंटेस्टेंट रह गए जिन्होंने यह टास्क पूरा किया। मेकर्स की तरफ से इस टास्क को डिजाइन और प्लान करने में काफी मेहनत की गई थी, लेकिन सेलेब्रिटीज के यह टास्क नहीं करने की वजह से यह पूरा सेटअप लगभग वेस्ट ही हो गया। इसी वजह से रोहित शेट्टी को काफी गुस्सा आ गया और उन्होंने तीनों सेलेब्रिटीज से शो छोड़कर जाने को कह दिया।
"तुम लोग खुद को क्या समझते हो?"
रोहित शेट्टी का पारा चढ़ता देखकर जब शगुन ने सफाई देने की कोशिश की तो रोहित ने चिल्लाकर कहा, “बस बहुत हो गया, आधा सीजन हो चुका है। ये खतरों के खिलाड़ी है। आप लोग ये शो देख चुके हैं और जानते हैं कि ये क्या है। ऐसा नहीं है कि हम आपसे कुछ नया करवा रहे हैं। आप सबको पता है कि ऊंचाई और पानी से जुड़े स्टंट होंगे। अगर नहीं जानते, तो तैरना सीखकर आइए। मैं हर्ष समेत आप सबको बता रहा हूं। जैस्मीन, ये तीसरी बार है जब तुम शो में आई हो। क्या तुम ऐसे ही परफॉर्म करती हो? अगर कोई एक स्टंट छोड़ दे तो समझ सकता हूं, लेकिन 3 लोगों का स्टंट न करना... तुम लोग खुद को क्या समझते हो?”
क्या हम आपसे कूदने को कह रहे थे?
रोहित शेट्टी ने खिलाड़ियों को लताड़ते हुए कहा, “क्या हम आपसे छठी मंजिल से कूदने को कह रहे थे? वहां हार्नेस है। जब एक कंटेस्टेंट ही स्टंट कर पाया… तो प्लीज शगुन को वापस भारत भेज दीजिए। अगर वह परफॉर्म नहीं कर सकते, तो प्लीज उन्हें वापस भेज दीजिए। हम कितना फायदा दे रहे हैं? ऑडियंस भी हमसे सवाल करेगी कि हम आप लोगों के साथ क्या कर रहे हैं। हम आप सबको इतना फायदा क्यों दे रहे हैं? अगर ऋत्विक यह कर सकता है, तो इसका मतलब है कि यह मुमकिन है। आप तीनों को ही डर का फंदा मिलेगा।”