world-news

भोपाल में चड्डी-बनियान गैंग का धावा: IPS स्कूल का ताला तोड़ 3.92 लाख रुपए चोरी, CCTV में कैद हुए तीन बदमाश - Bhopal News

July 21, 2026

राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित नर्मदापुरम रोड के IPS स्कूल में चड्डी-बनियान गैंग ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

.

बदमाश स्कूल परिसर में घुसे, एक के बाद एक कई कार्यालयों के ताले तोड़े और प्रिंसिपल कार्यालय में रखी दो दिन की फीस के 3 लाख 92 हजार 280 रुपए चोरी कर फरार हो गए।

पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार स्कूल के मैनेजर प्रदीप पांडेय (62) निवासी शक्ति नगर ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई की शाम स्कूल बंद कर दिया गया था।

20 जुलाई को सुबह स्कूल खुलने पर स्टाफ ने सूचना दी कि प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और पीए टू प्रिंसिपल के कार्यालयों के दरवाजों के हैंडल और ताले टूटे पड़े हैं।

मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि अकाउंट सेक्शन, स्टोर, मुख्य गेट और अन्य हिस्सों के ताले भी तोड़े गए थे। इसके बाद प्रिंसिपल ने अपने कार्यालय की जांच की तो ड्रॉअर में रखी 3.92 लाख रुपए की फीस राशि गायब मिली।

सीसीटीवी में दिखाई दिया।

सीसीटीवी में दिखाई दिया।

CCTV में चड्डी-बनियान गैंग की तस्वीरें कैद

पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें तीन बदमाश केवल चड्डी-बनियान पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए नजर आए। बदमाश बेहद सुनियोजित तरीके से स्कूल में दाखिल हुए, अलग-अलग कमरों के ताले तोड़े और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान उनकी पूरी गतिविधि कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

पारदी गैंग की शैली से मिल रहा तरीका

पुलिस का कहना है कि चोरी का तरीका चड्डी-बनियान गैंग और पारदी गिरोह की कार्यप्रणाली से मिलता-जुलता है। इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्कूल में दिन-रात रहती है सुरक्षा

शिकायत के अनुसार स्कूल में सुरक्षा के लिए दिन में पांच और रात में चार गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बदमाश स्कूल परिसर में दाखिल होकर कई ताले तोड़ने और लाखों रुपए चोरी करने में सफल रहे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय सुरक्षा कर्मियों की गतिविधियां क्या थीं और कहीं अंदरूनी लापरवाही तो नहीं हुई।