Published: Wednesday, July 22, 2026, 19:27 [IST]
Meerut Love Marriage Horror: 'मुझे डर है कि मेरी पत्नी और उसका प्रेमी मिलकर मुझे मार डालेंगे। साहब, बचा लो मुझे।'...यह गुहार यूपी के मेरठ निवासी एक पति की पुलिस अफसरों से की है। मात्र एक साल पुरानी लव मैरिज अब हत्या की साजिश, धमकियों और कानूनी लड़ाई में बदल गई है।
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक के चक्कर में है और दोनों मिलकर उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उसने अपने शिकायती पत्र में यह भी बताया कि आजकल पतियों की हत्याएं हो रही हैं, कृपया मुझे बचा लीजिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। आइए विस्तार से जानते हैं कि पति को क्या-क्या डर सता रहा है?
मामला मेरठ की सूर्योदय कॉलोनी का है। यहां का निवासी करण (काल्पनिक नाम) एक फूड डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसकी शादी 22 जून 2025 को मेडिकल थाना क्षेत्र की एक युवती श्वेता (काल्पनिक नाम) से लव मैरिज हुई थी। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद रिश्तों में दरार पड़नी शुरू हो गई।
आरोप है कि पत्नी अक्सर एक युवक से फोन पर लंबी बातें करती थी। जब पति करण ने आपत्ति जताई तो घर में तनाव बढ़ने लगा। आए दिन झगड़े शुरू हो गए। पत्नी ने घर छोड़ दिया और अब कथित प्रेमी के साथ मिलकर युवक को जान से मारने की धमकियां दे रही है। पत्नी ने जहरीला पदार्थ पीकर खुद को नुकसान पहुंचाने और परिवार को फंसाने की कोशिश की।
'पत्नी मुझे रास्ते से हटाना चाहती है'
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित पति का आरोप है कि उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का झूठा केस दर्ज कराया गया। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि बीती 14 जुलाई को पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति के साथ मारपीट भी की। 17 जुलाई को पति ने अपनी पत्नी को एक अज्ञात युवक के साथ बाइक पर देखा। उसने वीडियो बनाया। कुछ दूर जाकर दोनों का एक्सीडेंट हो गया और वे भाग निकले।
'पतियों की हत्या हो रही है, मुझे बचाइए'
पीड़ित पति ने पुलिस को शिकायत में कहा कि उसके खिलाफ पहले से दहेज का केस होने के कारण उसकी शिकायत पर गंभीरता नहीं बरती जा रही। उसने सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उसने हाल के दिनों में पतियों की हत्या जैसे मामलों का जिक्र करते हुए अपनी जान का डर जताया है।
पुलिस ने क्या कहा?
मेरठ के सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि युवक ने प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें पत्नी पर मारपीट और हत्या की आशंका जताई गई है। मेडिकल थाने को जांच सौंपी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे कार्रवाई होगी।