world-news

Gorakhpur IMA Charity Blood Bank: गोरखपुर में जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त खून, IMA ने शुरू किया चैरिटी ब्लड बैंक; CM योगी ने की सराहना - Haribhoomi

September 16, 2026

गोरखपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन IMA ने जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त खून उपलब्ध कराने के लिए चैरिटी ब्लड बैंक शुरू किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों की इस मानवीय पहल की सराहना की है।

Chief Minister Yogi Adityanath (File photo)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

  • Published: 16 Sep 2026, 04:05 PM IST
  • Last Updated: 16 Sep 2026, 04:05 PM IST

गोरखपुर : पूर्वी उत्तर प्रदेश के गंभीर और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन IMA गोरखपुर ने जरूरतमंदों को निशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चैरिटी ब्लड बैंक की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईएमए की इस संवेदनशील और जनकल्याणकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह केंद्र पूर्वी उत्तर प्रदेश के गरीब मरीजों के लिए जीवनदान साबित होगा।

​रक्त का निर्माण संभव नहीं, दान ही एकमात्र उपाय

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और समाज मिलकर आधुनिक चिकित्सा तकनीक, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और महंगी दवाएं उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन रक्त का निर्माण किसी लैब या फैक्ट्री में नहीं किया जा सकता। रक्तदान ही किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का एकमात्र जरिया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा जगत की विशेषज्ञता और सेवाओं का असली महत्व तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।

#WATCH गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तारामंडल इलाके में IMA बिल्डिंग में चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन करेंगे।

इस पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "... किसी भी संगठन और संस्था की यह वास्तविक पहचान है कि उसने अपनी विशेषज्ञता का लाभ समाज के… pic.twitter.com/qIdBZTGWnw

— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 16, 2026

2017 में निशुल्क ओपीडी से हुई थी शुरुआत

मुख्यमंत्री ने पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में निशुल्क ओपीडी शुरू की गई थी। उस दौरान आईएमए ने अपने कार्यालय के लिए स्थान की मांग की थी। प्रशासन ने इसके लिए भूमि उपलब्ध कराई और आज संस्था ने उस भूखंड का सर्वश्रेष्ठ उपयोग करते हुए वहां चैरिटी ब्लड बैंक स्थापित कर दिया है।

​1400 से अधिक डॉक्टरों का मजबूत नेटवर्क

सीएम योगी ने वाराणसी, प्रयागराज और बरेली में आईएमए द्वारा संचालित ब्लड बैंकों का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखपुर में भी लंबे समय से ऐसी सुविधा की आवश्यकता महसूस हो रही थी। उन्होंने गर्व जताया कि गोरखपुर में 1400 से अधिक चिकित्सक आईएमए से जुड़े हैं और इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों का समाजसेवा के लिए आगे आना अत्यंत सराहनीय है। यह चैरिटी ब्लड बैंक न केवल थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और दुर्घटना के शिकार मरीजों के लिए वरदान बनेगा, बल्कि समाज में सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को भी बढ़ावा देगा।