
आखिर Kia Sorento में ऐसा क्या खास है जो इसे चर्चा में बनाए हुए है?
भारत के SUV बाजार में जल्द ही एक नई बड़ी एंट्री होने वाली है. Kia अपनी नई Sorento SUV को 4 सितंबर को भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है. यह सिर्फ Kia की एक और कार नहीं है, बल्कि कंपनी के लिए भारत में अपनी पहचान को और ऊपर ले जाने का एक बड़ा मौका भी है.
Kia अब तक भारत में Seltos, Sonet और Carens जैसी कारों के दम पर अपनी जगह बना चुकी है. लेकिन कंपनी के पोर्टफोलियो में एक ऐसी बड़ी SUV की कमी थी, जो Seltos से ऊपर हो और प्रीमियम 3-रो SUV खरीदने वाले ग्राहकों को आकर्षित कर सके. Sorento इसी खाली जगह को भरने आ रही है.
क्या Fortuner और Kodiaq को मिलेगी चुनौती?
भारत में 40-45 लाख रुपये के आसपास की कीमत वाली SUV खरीदने वालों के पास पहले से कई ऑप्शन हैं. इस सेगमेंट में Toyota Fortuner, Skoda Kodiaq और Jeep Meridian जैसे मॉडल मौजूद हैं.ऐसे बाजार में Kia Sorento की एंट्री आसान नहीं होगी. हालांकि, Kia इसे सिर्फ एक बड़ी SUV के रूप में नहीं, बल्कि अलग तरह के पैकेज के साथ पेश करने की तैयारी में है.कंपनी का फोकस आराम, टेक्नोलॉजी, 3-रो सीटिंग और सबसे खास Hybrid इंजन पर रहने वाला है.
Sorento की सबसे खास बात इसका Hybrid पावरट्रेन हो सकता है. इसमें 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ Hybrid सिस्टम मिलने की उम्मीद है.यह सेटअप करीब 235-238 bhp की पावर और 380 Nm का टॉर्क दे सकता है.
अब सवाल है कि Hybrid इतना खास क्यों है?
सीधी भाषा में समझें तो Hybrid कार में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी काम करती है. इससे कार को बेहतर माइलेज देने में मदद मिलती है और ड्राइविंग भी ज्यादा स्मूथ हो सकती है.
भारत में कई लोग डीजल SUV से हटकर कुछ नया चाहते हैं, लेकिन पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार लेने को लेकर अभी भी कुछ खरीदारों के मन में सवाल हैं. ऐसे में Hybrid एक बीच का रास्ता बन सकता है.
3-रो सीटिंग से परिवारों को फायदा
बड़ी SUV खरीदने वाले परिवारों के लिए सिर्फ पावर ही जरूरी नहीं होती. उन्हें ज्यादा सीटें, आराम और सामान रखने की जगह भी चाहिए. Sorento में तीन रो वाली सीटिंग मिलेगी. इसका मतलब है कि इसमें एक साथ ज्यादा लोग सफर कर सकते हैं.
SUV का केबिन भी प्रीमियम फील देने के लिए तैयार किया गया है. इसमें डुअल 12.3-इंच स्क्रीन, कनेक्टेड फीचर्स, ADAS, 360-डिग्री कैमरा और Kia का AI Assistant जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है.
बड़ी SUV, लेकिन इस्तेमाल में आसान
आजकल कई प्रीमियम SUVs में इतने ज्यादा फीचर्स दिए जाते हैं कि उन्हें इस्तेमाल करना ही मुश्किल लगने लगता है. Sorento का फोकस थोड़ा अलग नजर आता है.इसका केबिन परिवार को ध्यान में रखकर बनाया गया है. इसमें आरामदायक सीटों के साथ बेहतर विजिबिलिटी और जरूरत के हिसाब से सीटों को इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है.
कीमत सबसे बड़ा फैक्टर होगी
Kia Sorento की कीमत करीब ₹40 लाख से ₹45 लाख के बीच रहने की उम्मीद है.यह कीमत इसे Fortuner, Kodiaq और Meridian जैसी SUVs के सामने खड़ा करेगी. लेकिन इसी बजट में कुछ खरीदार शुरुआती कीमत वाली लग्जरी SUVs की तरफ भी जा सकते हैं.Kia इसे एक फ्लैगशिप SUV के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है. इसका मतलब है कि यह कार पूरे Kia ब्रांड की छवि को ऊपर उठाने में मदद कर सकती है.
जब कोई ग्राहक Seltos या Sonet खरीदता है और देखता है क उसी ब्रांड के पास Sorento और EV6 जैसी प्रीमियम कारें भी हैं, तो ब्रांड की पूरी इमेज मजबूत होती है.
सामने होंगी कई चुनौतियां
भारत में SUV खरीदने वालों के पास अब पहले से कहीं ज्यादा ऑप्शन हैं. टोयोटा Fortuner की मजबूत पहचान है, जबकि Skoda Kodiaq अपने प्रीमियम और यूरोपीय अंदाज के लिए जानी जाती है.Jeep Meridian भी मजबूत SUV कैरेक्टर के साथ मौजूद है. इसके अलावा 40-45 लाख रुपये के बजट में ग्राहक कुछ लग्जरी ब्रांड्स की शुरुआती SUVs पर भी नजर डाल सकते हैं.Kia Sorento का भारत आना इसलिए खास है क्योंकि यह कंपनी की पहली बड़ी Hybrid पेशकशों में से एक होगी.
यह भी पढ़ें- Ather का नया Konarc इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च, 200km रेंज के साथ मिलेंगे कई स्मार्ट फीचर्स
1.90 करोड़ की Range Rover Sport Twenty Edition लॉन्च, 4.5 सेकेंड में पकड़ती है 100 kmph की रफ्तार

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More