
ईस्ट जोन के लिए शमी और मुकेश का कमाल देखने को मिलाImage Credit source: PTI
दलीप ट्रॉफी 2026-27 सीजन के सेमीफाइनल मुकाबले रविवार 30 अगस्त से शुरू हो गए. बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (CoE) में एक साथ दोनों सेमीफाइनल की शुरुआत हुई. एक तरफ सेंट्रल जोन का सामना ईस्ट जोन से था. तो वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ और साउथ जोन की टक्कर शुरू हुई. मगर दोनों ही सेमीफाइनल में पहला दिन तेज गेंदबाजों के नाम रहा, जिसमें मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, विद्वत कावेरप्पा और गुरनूर बराड़ ने अपना कमाल दिखाया. नतीजा ये हुआ कि सेंट्रल जोन और नॉर्थ जोन की पहली पारी पहले दिन ही निपट गई.
ईस्ट के पेस अटैक से सेंट्रल पस्त
पहले बात सेंट्रल और ईस्ट जोन के मुकाबले की. रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन ने पहले बैटिंग की लेकिन मोहम्मद शमी (2 विकेट) और मुकेश कुमार (3 विकेट) जैसे अनुभवी गेंदबाजों ने इस टीम को रनों के लिए तरसा दिया. मुकेश कुमार तो खास तौर पर ज्यादा असरदार रहे और शुरू से ही उन्होंने बल्लेबाजों पर कहर बरपा दिया. उन्होंने रजत पाटीदार समेत शुरुआती 3 में से 2 विकेट झटके. फिर मोहम्मद शमी ने भी सफलता हासिल की. आखिरकार पूरी टीम सिर्फ 266 रन पर ढेर हो गई.
सेंट्रल के लिए उत्तर प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. वहीं आर्यन जुयाल ने भी 46 रन का योगदान दिया. ईस्ट के लिए अभिजीत सरकार ने भी 3 विकेट लिए. मगर पहले दिन के खेल में ईस्ट जोन की गेंदबाजी के अलावा वैभव सूर्यवंशी भी आकर्षण की वजह रहे. वो इसलिए क्योंकि टीम के कप्तान ईशान किशन चोट के कारण काफी देर तक मैदान से बाहर रहे. ऐसे में उप-कप्तान के रूप में सिर्फ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तब तक कमान संभाली. इस दौरान उन्होंने एक सही DRS लेकर टीम को विकेट दिलाने में योगदान दिया.
नॉर्थ-साउथ की टक्कर का भी यही हाल
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भी कहानी अलग नहीं थी. नॉर्थ जोन ने इस मैच में पहले बैटिंग की और पूरी टीम सिर्फ 195 रन पर सिमट गई. साउथ के लिए खेल रहे कर्नाटक के तेज गेंदबाज विद्वत कावेरप्पा खास तौर पर खूंखार साबित हुए. उन्होंने 15 ओवर में सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. नॉर्थ के लिए रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के ओपनर कामरान इकबाल ही डटकर सामना कर सके, जिन्होंने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए. मगर साउथ की पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने सिर्फ 40 रन बनाए थे, जबकि 2 विकेट गिर चुके थे. नॉर्थ के पेस अटैक को दम दे रहे अंशुल कम्बोज और गुरनूर बराड़ ने 1-1 विकेट लिया.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More