Dharmendra Pradhan Resignation: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, अब कौन संभालेगा शिक्षा मंत्रालय? रेस में ये बड़े नाम
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अगला शिक्षा मंत्री कौन होगा, इसे लेकर चर्चा तेज है। जानिए सरकार के सामने क्या विकल्प हैं और किन नेताओं के नाम रेस में बताए जा रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कौन संभालेगा शिक्षा मंत्रालय? (Ai Image)
- Published: 25 Jul 2026, 04:12 PM IST
- Last Updated: 25 Jul 2026, 05:18 PM IST
NEET-UG परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि देश का अगला शिक्षा मंत्री कौन होगा और सरकार शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी किसे सौंपेगी।
शिक्षा मंत्रालय के प्रभार को लेकर सरकार के सामने 3 विकल्प
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मंत्रालय का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार के सामने फिलहाल तीन प्रमुख विकल्पों की चर्चा है।
1. राज्य मंत्रियों को मिल सकता है प्रभार
शिक्षा मंत्रालय में मौजूदा राज्य मंत्रियों में से किसी एक को अस्थायी या पूर्ण प्रभार सौंपा जा सकता है। इनमें आरएलडी प्रमुख और शिक्षा व कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी तथा पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ बीजेपी नेता और शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार के नाम चर्चा में हैं।
2. वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को अतिरिक्त जिम्मेदारी
नए पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री के नाम पर अंतिम फैसला होने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कैबिनेट के किसी वरिष्ठ और अनुभवी मंत्री को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप सकते हैं।
3. कैबिनेट फेरबदल के साथ नया चेहरा
सरकार मंत्रिमंडल में फेरबदल कर किसी नए चेहरे को भी शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दे सकती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की चुनौती को देखते हुए किसी मजबूत प्रशासनिक छवि वाले वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना पर भी चर्चा है।
शिक्षा मंत्री की रेस में कौन-कौन से नाम?
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अगले शिक्षा मंत्री को लेकर कई नाम राजनीतिक गलियारों में चर्चा में हैं। इनमें वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम भी सामने आ रहा है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा और महाराष्ट्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के नाम को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि, सरकार की ओर से अभी अगले शिक्षा मंत्री के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम फैसला होने तक इन नामों को राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।