world-news

छत्तीसगढ़ के सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल - India TV Hindi

October 9, 2026

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों के विनष्टीकरण के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट में CRPF के 4 जवान घायल हो गए हैं। घायलों में 2 जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 2 जवानों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल कोन्टा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

दरअसल, 8 अक्टूबर को CRPF की एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम जगदलपुर से सुकमा जिले के कोन्टा रेंज अंतर्गत एलार्मडगु कैंप पहुंची थी। टीम का उद्देश्य विभिन्न कैंपों का निरीक्षण करना और वहां रखे अनुपयोगी या बचे हुए विस्फोटकों का सुरक्षित तरीके से विनष्टीकरण करना था। इसी दौरान भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी दुर्घटनावश एक विस्फोटक का अंश उड़कर पास में आ गिरा और उसमें ब्लास्ट हो गया।

ATT टीम के ASI और CRPF के ASI को गंभीर चोटें

इस हादसे में ATT टीम के ASI एम.के. तिवारी और CRPF की 50वीं वाहिनी के ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देकर शासकीय अस्पताल कोन्टा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल, घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई गई है और सभी घायल जवानों का उपचार जारी है।

CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है और जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सीएम ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर लिखा है, ''यह जानकर बहुत दुख हुआ कि सुकमा जिले के कोंटा इलाके में एलार्मडगु कैंप के पास IED को निष्क्रिय करते समय CRPF के चार जवान घायल हो गए। घायल जवानों के उचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है। मैं ईश्वर से सभी जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''

(रिपोर्ट- सिकंदर खान)

यह भी पढ़ें-

महानदी में बहकर आई शराब की बोतलें, जान पर खेलकर लूटने में लगे लोग; हैरान कर देने वाला VIDEO आया सामने

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।