world-news

सीएम साय ने सुनी पीएम मोदी के 'मन की बात' : CM साय बोले- नशामुक्त युवा और जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत - Haribhoomi

August 30, 2026

CM विष्णु देव साय ने ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। नशामुक्त युवा, हर घर तिरंगा, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण पर दिया जनभागीदारी का संदेश।

CM Vishnudev Sai listening to PM Modi's 'Mann Ki Baat'

पीएम मोदी के 'मन की बात' सुनते सीएम विष्णुदेव साय

  • Published: 30 Aug 2026, 04:57 PM IST
  • Last Updated: 30 Aug 2026, 04:57 PM IST

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर की निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ महज एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के करोड़ों नागरिकों से सीधा और आत्मीय संवाद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में किए जा रहे नवाचारों, समाजहित के प्रयासों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखते हैं। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में अच्छा काम कर रहे लोगों को पहचान मिलती है और दूसरे नागरिकों को भी प्रेरणा मिलती है।

'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस कड़ी में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करने की अपील की। 

PM Modi's 'Mann Ki Baat'

‘हर घर तिरंगा’ में दिखा देश का राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान के प्रति देशवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड की। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा देशवासियों के राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाते हैं।

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला अपने परिवार को मजबूत करने के साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

स्वच्छता को आदत और जिम्मेदारी बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हर नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बनाना जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब लोग स्वयं अपने परिवेश को साफ रखने का संकल्प लेते हैं, तो इसका असर केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जीवन की गुणवत्ता और क्षेत्र की पहचान पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का ‘मन की बात’ में जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और उनकी उड़ान अंतरिक्ष तक पहुंच चुकी है। उन्होंने ‘मन की बात’ में उल्लेखित मिशन शक्ति सैट का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए भारत समेत विभिन्न देशों की छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी सीखने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। 

CM Vishnudev Sai listening to PM Modi's 'Mann Ki Baat'

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव की बात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में कई बार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशेषताओं का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के नवाचार, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को देश के सामने रखना प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ाता है और यहां किए जा रहे अच्छे कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

‘मन की बात’ लोगों को सकारात्मक सूत्र में है जोड़ती 
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी ताकत यही है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ती है। यह कार्यक्रम स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ जनभागीदारी और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करता है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)