world-news

CGPSC-SI रिजल्ट, हे राम बोले- मेहनत की चर्चा नहीं: कहा- नाम, अफवाहों पर बहस, आयोग ने जांच के बाद पुष्टि की; मजाक उड़ाना गलत - Bilaspur (Chhattisgarh) News

August 8, 2026

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स रिजल्ट में कुछ कैंडिडेट्स के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मेरिट सूची में ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’ और ‘हे राम’ जैसे नाम सामने आने के बाद सोशल

.

सिलेक्टेड कैंडिडेट्स के नामों को लेकर शुरू हुई बहस अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुकी है। इस बीच दैनिक भास्कर डिजिटल ने सिलेक्शन लिस्ट में शामिल कैंडिडेट ‘हे राम कश्यप’ से बातचीत की।

उनका कहना है कि उनके नाम को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी सफलता और मेहनत की चर्चा होने के बजाय नाम और अफवाहों को लेकर बहस हो रही है।पढ़िए दैनिक भास्कर डिजिटल से ‘हे राम कश्यप’ की पूरी बातचीत...

सवाल: रिजल्ट देखते समय आपका पहला रिएक्शन क्या था?

जवाब: प्रारंभिक परीक्षा के लिए मेरी अच्छी तैयारी थी और चयन की उम्मीद थी। रिजल्ट जारी होने के बाद सूची में अपना नाम देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई।

सवाल: आपने परिवार को सिलेक्शन की जानकारी दी तो सबसे पहले क्या प्रतिक्रिया मिली?

जवाब: परिवार को भी पहले ही चयन की जानकारी मिल गई थी। परिवार ने शाबाशी देने के साथ आगे की सफलता के लिए और मेहनत करने की नसीहत दी।

सवाल: SI बनने के सफर में आपकी तैयारी कैसी रही, रोज कितने घंटे पढ़ते थे?

जवाब: PSC की कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एक साथ कर रहा हूं। इसके लिए घर छोड़कर बिलासपुर में रह रहा हूं। पढ़ाई का कोई तय समय नहीं है, लेकिन रोज करीब 5-6 घंटे पढ़ाई हो जाती है। अभी पूरा ध्यान प्रीलिम्स के बाद होने वाली मुख्य परीक्षा की तैयारी पर है।

सवाल: CGPSC की तैयारी के दौरान सबसे मुश्किल दौर कौन-सा रहा और आपने उससे कैसे पार पाया?

जवाब: अभी केवल प्रारंभिक परीक्षा में चयन हुआ है। असली लक्ष्य फाइनल चयन है। PSC की तैयारी के लिए कठिन परिश्रम के साथ लगन और लगातार मेहनत जरूरी है।

हे राम कश्यप का कहना है कि नाम को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।

हे राम कश्यप का कहना है कि नाम को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।

सवाल: 'हे राम' नाम को लेकर तरह-तरह की बातें और मीम्स भी सामने आ रहे हैं, आप इसे किस तरह देखते हैं?

जवाब: सोशल मीडिया पर सिर्फ हे राम के नाम को लेकर ही चर्चा नहीं हो रही है, बल्कि तीन-चार अन्य चयनित अभ्यर्थियों के नाम भी चर्चा में हैं। मुझे इस मामले की जानकारी तब हुई, जब PSC की ओर से कॉल आया और दस्तावेज मांगे गए।

PSC ने सभी चयनित अभ्यर्थियों के नाम और दस्तावेजों की जांच की है। अभ्यर्थियों से वीडियो, आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज भी मंगाए गए थे। जब आयोग ने पूरी प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जांच और सत्यापन कर लिया है, तो इसके बाद किसी के नाम को लेकर सवाल उठाना सही नहीं है।

सवाल: आपकी मेहनत और सिलेक्शन के बजाय नाम चर्चा में है, इस पर आप क्या कहना चाहेंगे?

जवाब: सोशल मीडिया पर मीम्स बनाकर नाम का मजाक उड़ाना गलत है। किसी के नाम पर मजाक करने के बजाय उसकी मेहनत और सफलता को देखना चाहिए। हमारी सफलता की चर्चा नहीं हो रही है, बल्कि सिर्फ नाम और अफवाहों की बातें हो रही हैं। लोगों को हमारी मेहनत और तैयारी पर भी ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी सफलता और मेहनत की चर्चा नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी सफलता और मेहनत की चर्चा नहीं हो रही है।

सवाल: अगर कोई आपके नाम को लेकर मजाक करता है तो आप उसे क्या जवाब देना चाहेंगे?

जवाब: जब PSC ने सभी नामों और दस्तावेजों की जांच कर ली है और कैंडिडेट्स से वीडियो, आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज भी मंगा लिए हैं, तो अब इस पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। किसी के नाम का मजाक उड़ाना भी सही नहीं है।

सवाल: क्या स्कूल-कॉलेज के दिनों में आपके नाम को लेकर दोस्तों ने कभी मजाक किया?

जवाब: स्कूल की शुरुआती कक्षाओं में मेरा नाम हे राम कश्यप था। बाद में 10वीं कक्षा के समय दस्तावेजों में सरनेम हट गया। तब से सभी दस्तावेजों में मेरा नाम सिर्फ हे राम ही चलता आ रहा है।

इतने सालों में मेरे नाम को लेकर कभी कोई आपत्ति नहीं हुई और न ही नाम की वजह से मुझे किसी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि दस्तावेजों में सरनेम जोड़ने की जरूरत है।

इसलिए मैंने नाम में सरनेम जोड़ने की कोशिश भी नहीं की। बचपन से अब तक कभी किसी ने मेरे नाम का इस तरह मजाक नहीं बनाया। CGPSC का रिजल्ट आने के बाद पहली बार मेरे नाम को लेकर इतनी चर्चा हो रही है।

दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में हे राम ने बताया कि नाम उनकी दादी ने रखा था।

दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में हे राम ने बताया कि नाम उनकी दादी ने रखा था।

सवाल: हे राम नाम किसने रखा, इसके पीछे कोई खास वजह?

जवाब: मेरा नाम मेरी दादी ने रखा था। इसके पीछे उनकी धार्मिक भावना थी। दादी का मानना था कि इंसान जीवन के आखिरी समय में भगवान को याद करता है और ‘हे राम’ कहता है। इसी भावना के चलते उन्होंने मेरा नाम ‘हे राम’ रखा।

सवाल: पीएससी की प्रीलिम्स लिस्ट में नाम को लेकर विवाद छिड़ गया है, इससे किस तरह की परेशानी हो रही है।

जवाब: नाम को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा से मुझे कोई खास मतलब नहीं है, लेकिन इससे परेशानी और तनाव जरूर हो रहा है। अभी मेरा पूरा ध्यान अक्टूबर में होने वाली फाइनल परीक्षा की तैयारी पर है। यह परीक्षा मेरे लिए बहुत जरूरी है। मेरा लक्ष्य फाइनल परीक्षा में सफलता हासिल करना है।

…………………

इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…

CGPSC SI रिजल्ट में न्यूज-स्पेस रानी पास, बवाल: 'News' नाम वाला कैंडिडेट बोला- 10वीं में सरनेम छूटा, 'हे राम' और 'तूफैल' बोले- नाम असली

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स रिजल्ट में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मेरिट सूची में ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नाम के अभ्यर्थियों के चयन के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। पढ़ें पूरी खबर…