चित्तौड़गढ़ के गंगरार थाना क्षेत्र के सोनियाणा रीको औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट से भरे बल्कर की कंपनी सील तोड़कर सीमेंट निकालने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कि
.

सीमेंट से भरे बल्कर की कंपनी की सील तोड़कर उसमें से सीमेंट निकाला जा रहा है।
जीपीएस से मिली बल्कर की लोकेशन
गंगरार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनियाणा रीको औद्योगिक क्षेत्र में सुनसान जगह पर सीमेंट से भरे बल्कर की कंपनी की सील तोड़कर उसमें से सीमेंट निकाला जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। वहां एक सीमेंट बल्कर, एक ट्रैक्टर और पांच मोटरसाइकिलें संदिग्ध हालत में खड़ी मिलीं। पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में उनके बल्कर से सीमेंट निकालकर उसे प्लांट में मिलाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
44.360 टन सीमेंट लेकर निकला था बल्कर
एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी का बल्कर गुजरात से करीब 44.360 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर सुजानगढ़ के लिए रवाना हुआ था। कंपनी ने बल्कर की जीपीएस लोकेशन देखी तो गाड़ी सोनियाणा रीको औद्योगिक क्षेत्र में खड़ी मिली। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान बल्कर की कंपनी सील टूटी हुई मिली। इससे सीमेंट चोरी होने का शक और मजबूत हुआ। पुलिस ने बल्कर को श्री श्याम धर्मकांटा पर ले जाकर उसका वजन कराया।

एक सीमेंट बल्कर, ट्रैक्टर और पांच मोटरसाइकिलें संदिग्ध हालत में खड़ी मिलीं।
वजन में 5.090 टन सीमेंट कम मिला
धर्मकांटे पर वजन कराने पर बल्कर में 39.270 मीट्रिक टन सीमेंट मिला। जबकि बल्कर में गुजरात से 44.360 मीट्रिक टन सीमेंट लोड किया गया था। इस तरह दोनों वजन में करीब 5.090 मीट्रिक टन सीमेंट कम मिला। पुलिस के अनुसार चोरी किया गया सीमेंट करीब 6 टन बताया गया है। मौके की कार्रवाई के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि ने गंगरार थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश
पुलिस ने मामले में नाथूलाल उर्फ लालू पुत्र नारायण जाट निवासी सोनियाणा, शंकरलाल पुत्र मुंजीलाल शर्मा निवासी सोनियाणा और नारायणलाल पुत्र रतनलाल बैरवा निवासी परयुरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि सीमेंट चोरी करने का यह काम कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बल्कर, ट्रैक्टर और पांच बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया गया एक सीमेंट बल्कर, एक ट्रैक्टर और पांच मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस अब जब्त गाड़ियों और आरोपियों से मिले सुराग के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई शिवलाल, एएसआई देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल श्योपत्त मंडा, श्योजीराम और मनोज कुमार शामिल रहे।