Bala Baiana Recipe: बच्चों को बार-बार बाजार की टॉफी दिलाने के बजाय इस बार घर पर बनाएं Bala Baiana। बाहर से चमकदार और क्रिस्पी, तो अंदर से सॉफ्ट ये मजेदार कॉम्बिनेशन बच्चों को पसंद आएगा।
घर पर बनाएं मजेदार Bala Baiana Candy (AI generated)
- Published: 08 Aug 2026, 10:20 AM IST
- Last Updated: 08 Aug 2026, 10:20 AM IST
Bala Baiana Recipe: सोशल मीडिया पर इन दिनों खास नारियल-कैरेमल कैंडी की रेसिपी काफी पसंद की जा रही है। बाहर से कुरकुरी और चमकदार कैरेमल की परत, जबकि अंदर से सॉफ्ट नारियल की फिलिंग इसका स्वाद और लुक दोनों ही इसे खास बनाते हैं।
बच्चों को कैंडी और टॉफी खाना काफी पसंद होता है, तो हर बार बाजार की पैक्ड कैंडी देने के बजाय घर पर बनाने के लिए Bala Baiana दिलचस्प विकल्प हो सकती है। इसे बनाने के लिए नारियल, कंडेंस्ड मिल्क और कुछ ही चीजों की जरूरत होती है।
क्या है Bala Baiana?
बाला बायाना ब्राजील की फेमस नारियल से बनी मिठाई है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले कंडेंस्ड मिल्क और नारियल से नरम फिलिंग तैयार की जाती है। इसके छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें चीनी से तैयार किए गए कैरेमल में डुबोया जाता है।
कैरेमल के ठंडा होते ही गोलों के ऊपर एक पतली और क्रिस्पी परत बन जाती है। सॉफ्ट नारियल और क्रंची कैरेमल का यह कॉम्बिनेशन ही इस मिठाई को खास बनाता है।
नारियल की फिलिंग के लिए सामग्री
- 400 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क
- 120-150 ग्राम सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल
- 20 ग्राम मक्खन
- एक चुटकी नमक, वैकल्पिक
कैरेमल के लिए सामग्री
- 300 ग्राम चीनी
- 120 मिली पानी

ऐसे तैयार करें Bala Baiana
1. सबसे पहले नारियल की फिलिंग तैयार करें
एक पैन में कंडेंस्ड मिल्क, सूखा नारियल, मक्खन और एक चुटकी नमक डालें। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए और पैन के किनारों से अलग होने लगे, तो गैस बंद कर दें।
2. मिश्रण से बनाएं छोटे-छोटे गोले
अब तैयार मिक्चर को पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद हाथों की मदद से इसके छोटे-छोटे गोल बॉल्स बना लें।
3. फ्रिज में करें सेट
नारियल के इन गोलों को करीब 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। इससे वे अच्छी तरह सेट हो जाएंगे और कैरेमल कोटिंग करना आसान रहेगा।
4. अब बनाएं कैरेमल
एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। इसे तब तक पकने दें, जब तक चीनी पिघलकर सुनहरे-भूरे रंग के कैरेमल में न बदल जाए।

5. नारियल के गोलों पर चढ़ाएं कैरेमल की परत
अब हर नारियल बॉल को सावधानी से गर्म कैरेमल में डुबोएं। एक्सट्रा कैरेमल को टपकने दें और इन्हें पार्चमेंट पेपर पर रख दें। कुछ देर बाद कैरेमल जम जाएगा और तैयार हो जाएगी आपकी बाला बायाना।
सोशल मीडिया पर क्यों छाई है Bala Baiana?
इस रेसिपी की सबसे खास बात इसका लुक और टेक्सचर है। बाहर से चमकदार और हल्की क्रिस्पी कैरेमल कोटिंग और अंदर से नरम नारियल की फिलिंग इसे आम कैंडी से अलग बनाती है। यही वजह है कि नारियल-कैरेमल से बनी यह मिठाई सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है।
अगर आप भी बच्चों के लिए बाजार की कैंडी से कुछ अलग और घर पर तैयार होने वाला मीठा स्नैक ट्राई करना चाहते हैं, तो Bala Baiana Recipe को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बचे हुए उबले आलू फेंकना बंद करें! 10 मिनट में बनाएं Cheesy Corn Potato Cups