
बांग्लादेश-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट (Photo: Getty Images)
Australia vs Bangladesh, 1st Test: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में शिकंजा कस लिया है. टेस्ट मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश ने पहले तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल की, फिर उसकी दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होते-होते 4 विकेट भी गिरा दिए. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया अब भी बांग्लादेश के पहली पारी में बनाए स्कोर से पीछे हैं. इसके अलावा टेस्ट मैच में दो दिन का खेल भी बाकी है. ऐसे में डार्विन में खेला जा रहा सीरीज का पहला टेस्ट पूरी तरह से बांग्लादेश की मुट्ठी में नजर आ रहा है.
बांग्लादेश ने पहली पारी में 228 रन की बढ़त बनाई
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 198 रन पर समेट दी थी, जिसके बाद उसने 426 रन बनाए और पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया पर 228 रन की बड़ी बढ़त बनाई. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में बांग्लादेश को हासिल हुई बढ़त में ओपनर तनजीद हसन के शतक और कप्तान नजमुल शांतो की 84 रन की पारी का बड़ा योगदान रहा. इसके अलावा नीचले क्रम में मेहदी हसन की 65 रन की पारी ने भी बड़ा रोल प्ले किया.
तीसरे दिन का खेल खत्म, ऑस्ट्रेलिया अब भी 67 रन पीछे
तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहली पारी के मुकाबले बेहतर बल्लेबाजी की. हालांकि दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने फिर भी उसके 4 विकेट गिरा दिए. ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल वाली बात ये है कि वो अब भी बांग्लादेश को मिली बढ़त से 67 रन पीछे है.
तीसरे दिन दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का हाल
तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में कैमरन ग्रीन 19 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं एलेक्स कैरी 19 रन बनाकर खेल रहे हैं. इनसे पहले स्टीव स्मिथ 44 रन बनाकर आउट हुए जबकि मार्नस लाबुशेन ने 31 रन बनाए. जेक वेदराल्ड का दूसरी पारी में खाता नहीं खुला तो वहीं ट्रेविस हेड सिर्फ 17 रन ही बना सके.
बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में 6 विकेट लेने वाला हसन महमूद ने दूसरी पारी में भी तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट अपने नाम कर लिए हैं.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More