world-news

Auqib Nabi: इंग्लैंड की जिस टीम में 2 भारतीय खिलाड़ी, आकिब नबी को भी वहां मिली जगह, खेलेंगे इतने मैच

August 30, 2026

Auqib Nabi: इंग्लैंड की जिस टीम में 2 भारतीय खिलाड़ी, आकिब नबी को भी वहां मिली जगह, खेलेंगे इतने मैच

आकिब नबी अब इंग्लैंड में अपना कमाल दिखाएंगे.Image Credit source: PTI

श्रीलंका दौरे पर गए लेकिन टेस्ट डेब्यू से चूकने वाले भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी को एक नई टीम से खेलने का मौका मिल गया है. जम्मू-कश्मीर के लिए खेलने वाले आकिब नबी अब इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाएंगे. श्रीलंका से बिना खेले लौटने के बाद BCCI ने नबी के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने की व्यवस्था की है. नबी इसी काउंटी सीजन में मशहूर क्रिकेट क्लब सरे के लिए खेलते हुए नजर आएंगे, जहां पहले से ही 2 भारतीय खिलाड़ी उनका इंतजार कर रहे होंगे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI के प्रयासों के दम पर आकिब नबी को जल्द ही यूनाइटेड किंगडम का वीजा मिल गया और वो इंग्लैंड के लिए रवाना भी हो गए हैं. वो लंदन में ही सरे क्लब के साथ जुड़ेंगे, जहां उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन के आखिरी 3 मुकाबलों के लिए साइन किया गया है. सरे क्लब के अंदर ही ऐतिहासिक ओवल क्रिकेट मैदान आता है, जहां सबसे पहला टेस्ट मैच खेला गया था.

जानकारी के मुताबिक, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी 3 सितंबर को यॉर्कशर के खिलाफ मुकाबले के साथ ही अपना डेब्यू कर सकते हैं. इतना ही नहीं, नबी के लिए अच्छी खबर ये है कि उन्हें सरे में नया साथ ढूंढ़ने के लिए मेहनत नहीं करनी पड़ेगी क्योंकि पहले से ही 2 भारतीय खिलाड़ी इस क्लब के लिए खेल रहे हैं. लेग स्पिनर राहुल चाहर पहले ही सरे से जुड़ गए थे, जबकि राजस्थान के ऑलराउंडर महिपाल लोमरोड़ हाल ही में क्लब का हिस्सा बने थे और 2 मैच खेल भी चुके हैं.

रणजी ट्रॉफी के पिछले 2 सीजन में 100 से ज्यादा विकेट लेकर नबी ने खूब वाह-वाही लूटने वाले. इस दौरान जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी चैंपियन बनाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही. इसके बाद से ही आकिब नबी को टीम इंडिया में मौका दिए जाने की मांग होती रही है. श्रीलंका में उन्हें डेब्यू का मौका तो नहीं मिला लेकिन जिस तरह से BCCI ने नबी के लिए काउंटी डील हासिल करने में तत्परता दिखाई है, उससे ये संकेत मिल रहे हैं कि नवंबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली टेस्ट टीम में उन्हें जगह मिल सकती है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button