education

AI में करियर बनाने का मौका, देश के ये IIT दे रहे ऑनलाइन कोर्स का ऑप्शन, जानें कहां कितनी है फीस

October 19, 2026

AI में करियर बनाने का मौका, देश के ये IIT दे रहे ऑनलाइन कोर्स का ऑप्शन, जानें कहां कितनी है फीस

AI में करियर बनाने का मौका

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इस क्षेत्र में नई स्किल सीखना युवाओं और नौकरीपेशा लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है. देश के 10 IIT ऑनलाइन AI, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े कई कोर्स उपलब्ध करा रहे हैं. इनकी फीस 8,500 रुपये से लेकर 6 लाख रुपये तक है. कुछ कोर्स तीन महीने के हैं, जबकि कुछ में 18 महीने तक पढ़ाई करनी होगी. ऑनलाइन क्लास और वीकेंड बैच की सुविधा के कारण नौकरी या रेगुलर पढ़ाई के साथ भी इन कोर्स को किया जा सकता है.

आईआईटी रुड़की में सबसे कम फीस वाला विकल्प

आईआईटी रुड़की में आईहब दिव्यसंपर्क के माध्यम से 19 कोर्स की लिस्ट उपलब्ध है. इनमें पायथन फॉर ऑटोमेशन एंड AI एप्लिकेशन तीन महीने का है और इसकी फीस 8,500 रुपये है. एजेंटिक सिस्टम्स डिजाइन के लिए 50 हजार रुपये और साइबर सिक्योरिटी व एथिकल हैकिंग के लिए 60 हजार रुपये फीस निर्धारित है. यहां वकीलों और निवेश बैंकिंग से जुड़े प्रोफेशनल के लिए भी कोर्स हैं.

आईआईटी मद्रास और दिल्ली के कोर्स

आईआईटी मद्रास का आईआईटीएम प्रवर्तक एजेंटिक AI, जेनरेटिव AI और डेटा साइंस से जुड़े सात प्रोग्राम चलाता है. इनकी फीस लगभग 85 हजार से 1.53 लाख रुपये तक है. वहीं, आईआईटी दिल्ली के सीईपी के तहत पांच कोर्स उपलब्ध हैं. इनकी फीस 1.4 लाख से 1.95 लाख रुपये के बीच है. साइबर सिक्योरिटी और AI का कोर्स छह महीने, जबकि टेक्नोलॉजी और AI लीडरशिप प्रोग्राम आठ महीने का है.

आईआईटी कानपुर और बॉम्बे में क्या विकल्प हैं?

आईआईटी कानपुर में AI इन फाइनेंस का 30 घंटे से ज्यादा का कोर्स 45 हजार रुपये में उपलब्ध है. यहां पायथन फॉर AI का पांच सप्ताह का कोर्स भी है, जो 14 दिसंबर से शुरू होगा. AI और मशीन लर्निंग में पीजी डिप्लोमा की फीस 5.63 लाख रुपये है, लेकिन फिलहाल इसमें सीधा एडमिशन बंद है.

आईआईटी बॉम्बे में लीडरशिप विद AI की फीस 2.2 लाख रुपये है. एजेंटिक AI और जेनरेटिव AI के कोर्स 1.8 लाख रुपये के हैं. वहीं, AI और डेटा साइंस का 18 महीने का ईपीजीडी छह लाख रुपये का है.

आईआईटी खड़गपुर, हैदराबाद और मंडी

आईआईटी खड़गपुर के सात एग्जीक्यूटिव कोर्स वीकेंड पर ऑनलाइन चलते हैं. इनकी फीस 1.77 लाख से दो लाख रुपये तक है. इनमें AI नेटिव सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और फिनटेक जैसे विषय शामिल हैं.

आईआईटी हैदराबाद में अप्लाइड AI का चार वीकेंड का कोर्स 50 हजार रुपये में है. फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग का तीन महीने का कोर्स एक लाख रुपये और छह महीने का AI कोर्स 1.5 लाख रुपये का है.

आईआईटी मंडी का छह महीने का AI और मशीन लर्निंग कोर्स 50 हजार रुपये का है. इसके लिए प्रवेश परीक्षा देनी होगी. सर्टिफिकेट पाने के लिए 65 फीसदी उपस्थिति और 30 फीसदी अंक जरूरी हैं.

आईआईटी बीएचयू और पटना के प्रोग्राम

आईआईटी बीएचयू का आठ महीने का AI और मशीन लर्निंग कोर्स 1.4 लाख रुपये का है. इसमें 30 से ज्यादा टूल और 18 से ज्यादा प्रोजेक्ट शामिल हैं. आईआईटी पटना में जेनरेटिव AI फॉर प्रोफेशनल्स की फीस 79 हजार रुपये और डेवलपर्स के लिए AI कोर्स की फीस 99 हजार रुपये है. दोनों कोर्स छह महीने के हैं.

एडमिशन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

AI कोर्स चुनते समय फीस, अवधि, एलिजिबिलिटी, प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग की जानकारी जरूर लें. केवल सर्टिफिकेट मिलने से नौकरी की गारंटी नहीं होती. आवेदन करने से पहले संबंधित IIT की आधिकारिक वेबसाइट पर फीस, एडमिशन प्रक्रिया और बैच शुरू होने की तारीख को वेरीफाई करें.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button