भारतीय ऑटो मार्केट में इन दिनों इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. इसे देखते हुए दिग्गज ऑटो कंपनियां अब कम बजट में ज्यादा दूरी तय करने वाली कारें पेश करने की होड़ में लग गई हैं. ज्यादातर ग्राहक नई इलेक्ट्रिक कार खरीदते समय दो ही बातें सबसे पहले देखते हैं- गाड़ी की कीमत और सिंगल चार्ज में उसकी रेंज.
इसी जरूरत को समझते हुए Hyundai और Honda देश में अपनी दो नई किफायती इलेक्ट्रिक कारें उतारने की पूरी तैयारी कर चुकी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल दिसंबर तक ये दोनों गाड़ियां भारतीय सड़कों पर एंट्री ले सकती हैं, जो ग्राहकों को 500 किलोमीटर तक की लंबी रेंज देंगी.
Hyundai की नई छोटी इलेक्ट्रिक SUV, Hyundai HE1i
Hyundai भारतीय ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से अपनी एक नई इलेक्ट्रिक SUV पर काम कर रही है, जिसका कोडनेम फिलहाल HE1i रखा गया है. कंपनी इसे इस साल दिसंबर तक मार्केट में पेश कर सकती है. भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान इस कार को कई बार देखा जा चुका है. बाजार में आने के बाद इसका मुकाबला Tata Punch EV और Nexon EV जैसी गाड़ियों से होने वाला है.
लुक और डिजाइन की बात करें, तो इस इलेक्ट्रिक कार को एक दमदार बॉक्सी लुक दिया गया है. इसमें स्प्लिट हेडलैंप, पूरी तरह से बंद फ्रंट ग्रिल, बड़े साइज की खिड़कियां, रूफ रेल्स और आकर्षक LED टेल लैंप देखने को मिल सकते हैं. इस कार के पिछले हिस्से में LED लाइट बार और एक मजबूत बंपर भी दिया जाएगा. कुल मिलाकर इसका बाहरी लुक Hyundai की मौजूदा SUV एक्सटर से काफी मिलता-जुलता हो सकता है.
Hyundai HE1i के शानदार फीचर्स और बैटरी रेंज
इस किफायती इलेक्ट्रिक SUV के केबिन को आधुनिक बनाने के लिए कई बेहतरीन फीचर्स जोड़े जाएंगे. कार के भीतर ग्राहकों को एक इलेक्ट्रिक सनरूफ, बड़ा टचस्क्रिन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वेंटिलेटेड सीटें और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. सुरक्षा के लिहाज से कंपनी इसमें एडवांस ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम तकनीक भी दे सकती है.
बैटरी रेंज के मामले में Hyundai ग्राहकों को दो अलग-अलग विकल्प दे सकती है. इस कार में 42 kWh और 51.4 kWh के दो बैटरी पैक मिल सकते हैं. कंपनी का दावा है कि ये दोनों बैटरी पैक इतने सक्षम हैं कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर कार आसानी से 450 से लेकर 500 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है.
Honda की पहली मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV, Honda Zero Alpha
Honda भी भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV उतारने की रेस में शामिल हो चुकी है. इस अपकमिंग मिड-साइज SUV को फिलहाल Zero Alpha नाम दिया गया है, हालांकि लॉन्चिंग के समय इसका नाम बदला जा सकता है. जिसका सीधा मुकाबला बाजार में आने वाली Hyundai Creta EV से होगा.
यह भी पढ़ें: एलन मस्क से पहले कौन-कौन बना चुका उड़ने वाली कार, क्यों नहीं हुए सफल?
Honda Zero Alpha की रेंज और सेफ्टी फीचर्स
Honda की इस पहली इलेक्ट्रिक कार में ग्राहकों की सहूलियत के लिए एक बड़ी ग्लास रूफ या पैनोरमिक सनरूफ दी जा सकती है. इसके अलावा प्रीमियम लेदर फिनिश वाली सीटें और लेवल-2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम जैसे हाई-टेक फीचर्स भी मिलेगें. सुरक्षा के लिए गाड़ी में 6 एयरबैग, ABS और EBD जैसे जरूरी सेफ्टी फीचर्स दिए जा सकते हैं.
पावर की बात करें, तो SUV में 65 kWh से लेकर 75 kWh तक का बड़ा बैटरी पैक इस्तेमाल किया जा सकता है. यह बैटरी कार को इतनी ताकत देगी कि असल उपयोग में भी यह कार एक सिंगल चार्ज पर करीब 450 से 500 किलोमीटर का सफर आसानी से पूरा कर पाएगी. हालांकि कंपनियों ने अभी तक इन दोनों गाड़ियों की आधिकारिक कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इन्हें बेहद किफायती बजट में ही लॉन्च किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Duster हाइब्रिड भारत में लॉन्च, 16.9 लाख कीमत और 29kmpl का तगड़ा माइलेज