business-finance

सोने के दाम बढ़े तो बदली खरीदारी की चाल, अब 9 कैरेट ज्वेलरी का बढ़ा क्रेज, जानें 22K से कितना सस्ता

August 21, 2026

Aug 21, 2026 03:40 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • Gold Jewellery: सोने की कीमतों में तेज उछाल ने भारतीय ग्राहकों की खरीदारी का तरीका बदल दिया है
  • महंगे 22 कैरेट सोने की जगह अब कम कैरेट वाली ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है
9 carat gold rate

कैरेट गोल्ड ज्वैलरी की बढ़ी डिमांड

Gold Jewellery: सोने की कीमतों में तेज उछाल ने भारतीय ग्राहकों की खरीदारी का तरीका बदल दिया है। महंगे 22 कैरेट सोने की जगह अब कम कैरेट वाली ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है। खासकर 9 कैरेट गोल्ड युवाओं और पहली बार ज्वेलरी खरीदने वालों के बीच तेजी से फेमस हो रहा है। ज्वेलर्स का कहना है कि आने वाले समय में इस कैटेगरी में डिमांड बढ़ सकती है। देश में 9 कैरेट गोल्ड का रेट 63000 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 22 कैरेट 1.46 लाख रुपये है।

सोना महंगा हुआ तो घट गई डिमांड

फाइनेंशियल ईयर 2026 में सोने की कीमतों में करीब 52 फीसदी की तेज बढ़ोतरी हुई। इसका असर डिमांड पर भी पड़ा और सोने की डिमांड करीब 21 फीसदी घट गई। ICRA के अनुमान के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2027 में इसमें करीब 20 फीसदी की और गिरावट आ सकती है। ऐसे माहौल में ज्वेलर्स ग्राहकों को कम कीमत में सोने की ज्वेलरी उपलब्ध कराने के लिए कम कैरेट वाले विकल्पों पर जोर दे रहे हैं।

9 कैरेट ज्वेलरी की बढ़ी मांग

भारत में पारंपरिक तौर पर 22 कैरेट सोने की ज्वेलरी सबसे ज्यादा पसंद की जाती है। लेकिन 9 कैरेट ज्वेलरी की हॉलमार्किंग को मंजूरी मिलने के बाद इस सेगमेंट के लिए नया बाजार तैयार हुआ है। कैरेटलेन के चीफ कैटेगरी मर्चेंडाइजिंग एंड डिजाइन ऑफिसर पीयूष सेठ के मुताबिक 9 कैरेट ज्वेलरी उनकी कुल ज्वेलरी सेल में करीब 5-10 फीसदी हिस्सेदारी बना रही है और आगे इसका हिस्सा बढ़ने की उम्मीद है।

कामा ज्वेलरी की VP-सales सिमरन शाह ने बताया कि उनके यहां 9 कैरेट कैटेगरी 25 फीसदी से ज्यादा सेल कर रही है। वहीं 14 कैरेट ज्वेलरी की हिस्सेदारी करीब 20 फीसदी है।

22K और 9K में कितना फर्क?

सोने की शुद्धता कैरेट के साथ बदलती है। 24 कैरेट में 99.9 फीसदी शुद्ध सोना होता है, जबकि 22 कैरेट में 91.6 फीसदी, 18 कैरेट में 75 फीसदी और 14 कैरेट में 58.5 फीसदी सोना होता है। वहीं 9 कैरेट गोल्ड में 37.5 फीसदी शुद्ध सोना होता है।

यही वजह है कि 9 कैरेट ज्वेलरी की कीमत 22 कैरेट के मुकाबले कम हो सकती है। हालांकि कीमत सिर्फ सोने की मात्रा से तय नहीं होती। डिजाइन, मेकिंग चार्ज, कारीगरी और ज्वेलरी में लगे डायमंड या दूसरे स्टोन भी अंतिम कीमत को प्रभावित करते हैं।

कौन खरीद रहा 9 कैरेट गोल्ड?

9 कैरेट ज्वेलरी की सबसे ज्यादा दिलचस्पी युवाओं, कॉलेज स्टूडेंट्स, पहली नौकरी करने वाले लोगों और पहली बार ज्वेलरी खरीदने वालों में देखी जा रही है। यह ग्राहकों को कम बजट में सर्टिफाइड और हॉलमार्क वाली ज्वेलरी खरीदने का विकल्प देती है।

हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि 9 कैरेट, 22 कैरेट की जगह ले रहा है। शादी, त्योहार और शुभ मौकों पर 22 कैरेट ज्वेलरी की मांग अभी भी मजबूत है। 9 कैरेट का बाजार फिलहाल गिफ्टिंग, रोजमर्रा के इस्तेमाल, सेल्फ-पर्चेज और फैशन ज्वेलरी में तेजी से बढ़ रहा है।