
श्रीसंत के पिता शांताकुमारन नायर का निधनImage Credit source: Getty Images
Sreesanth’s Father Passed Away: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत और उनके परिवार के लिए 11 सितंबर की देर रात बहुत बड़े सदमे वाली रही. श्रीसंत के पिता वी शांताकुमारन नायर का शुक्रवार देर रात निधन हो गया. जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. वो केरल के कोच्चि में एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका दिल से संबंधी परेशानियों का इलाज चल रहा था. इन्हीं जटिलताओं के चलते शुक्रवार रात वो इस दुनिया से चले गए. शांताकुमारन नायर 89 साल के थे.
रविवार को होगा अंतिम संस्कार
श्रीसंत के पिता शांताकुमारन भारतीय जीवन बीमा निगम में काम करते थे और केरल में ही जोनल मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे. वो केरल के कोठमंगलम के रहने वाले थे, जहां श्रीसंत समेत उनके तीनों बच्चों का जन्म हुआ था. हालांकि, उनका निधन कोच्चि के निजी अस्पताल में हुआ, जहां वो कुछ दिनों से भर्ती थे. परिवार के सूत्रों के मुताबिक उनका निधन रात 9:45 से 10 बजे के बीच हुआ.
श्रीसंत ने भी सोशल मीडिया पर अपने पिता के निधन की जानकारी शेयर की. श्रीसंत के पिता का शव शनिवार को भी अस्पताल में ही रखा जाएगा, जहां से पार्थिव शरीर को फिर कोठमंगलम में उनके पारिवारिक घर में ले जाया जाएगा. परिवार को रिश्तेदारों के आने का इंतजार है, जो शनिवार और रविवार तक पहुंचेंगे. रविवार 13 सितंबर को पार्थिव शरीर को घर में ही सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद शाम 4 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा.
धोनी पर दिया था ये बयान
ज्यादातर भारतीय क्रिकेटरों की तरह श्रीसंत के पिता भी लाइमलाइट से दूर ही रहे. मगर जब उनका बेटा करियर की सबसे बड़ी मुसीबत में फंसा तब उन्होंने मीडिया सामना किया था. आईपीएल 2013 के स्पॉट फिक्सिंग कांड में श्रीसंत का नाम आने और गिरफ्तारी के बाद शांताकुमारन नायर ने अपने बेटे को निर्दोष बताया था. उन्होंने तब के भारतीय टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी को दिए बयान के बाद चर्चा बटोरी थी. श्रीसंत के पिता ने कहा था कि धोनी ने उनके बेटे को धमकाते हुए कहा था कि वो कभी भी उसे टेस्ट टीम में वापस नहीं लेंगे. उन्होंने साथ ही हरभजन सिंह पर भी बेटे से दुश्मनी निकालने का आरोप लगाया था.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More