
कोटक महिंद्र बैंक. (फाइल फोटो)
कोटक महिंद्रा बैंक ने ग्राहकों को होम लोन की मासिक किस्त (EMI) को लेकर अधिक निश्चितता देने के मकसद से हाइब्रिड होम लोन पेश किया है. इसके तहत ग्राहक 65 महीने तक अपने होम लोन की ब्याज दर तय रख सकेंगे. बैंक ने रविवार को जारी बयान में कहा कि घर खरीदना किसी परिवार की वित्तीय यात्रा की शुरुआत भर होता है. शुरुआती वर्षों में परिवारों को घर की साज-सज्जा, बच्चों की शिक्षा, बचत और अन्य दैनिक खर्चों के साथ ईएमआई का भी प्रबंधन करना पड़ता है.
बयान के अनुसार, इस योजना के तहत ग्राहक 39, 52 या 65 महीने की निश्चित ब्याज दर अवधि चुन सकते हैं. इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की रेपो दर में बदलाव होने पर भी उनके लोन की ब्याज दर और ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा.
7.6 प्रतिशत की ब्याज दर पर होम लोन
बैंक फिलहाल 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है. निर्धारित समय पूरा होने के बाद लोन खुद-ब-खुद फ्लोटिंग ब्याज दर व्यवस्था में बदल जाएगा, जो रेपो दर और लोन स्वीकृति के समय तय किए गए अतिरिक्त मार्जिन (स्प्रेड) से जुड़ी होगी. बैंक के अनुसार, एक करोड़ रुपए के होम लोन पर अगर ब्याज दरें हाल के उच्च स्तर तक बढ़ती हैं, तो उधारकर्ता को 3.46 लाख रुपए तक की बचत हो सकती है.
घर के बजट पर कैसे असर डालेगा ब्याज दर?
इसमें कहा गया है कि यह प्रोडक्ट होम लोन और प्रॉपर्टी के बदले लोन के लिए उपलब्ध है. इसकी कीमत बैंक के फ्लोटिंग-रेट होम लोन के बराबर है और हाइब्रिड स्ट्रक्चर चुनने के लिए कोई अलग प्रीमियम नहीं देना पड़ता है. इस प्रोडक्ट के बारे में बात करते हुए कोटक महिंद्रा बैंक के हेड (मॉर्गेज) नकुल सक्सेना ने कहा, होम लोन कई दशकों तक चल सकता है और कई ब्याज-दर चक्रों से गुजर सकता है. कई उधार लेने वालों के लिए, हर बार ब्याज दर की समीक्षा होने पर यह सवाल उठता है कि अगला बदलाव उनकी EMI या घर के बजट पर कैसे असर डालेगा.
65 महीने तक अपनी ब्याज दर लॉक करने की सुविधा
परिवार जिंदगी के जरूरी खर्चों को भी संतुलित करते हैं क्योंकि समय के साथ आय, प्राथमिकताएं और वित्तीय जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं. उन्होंने आगे कहा कि ग्राहकों को 65 महीने तक अपनी ब्याज दर लॉक करने की सुविधा देकर, कोटक हाइब्रिड होम लोन घर के मालिकाना हक के शुरुआती सालों में योजना बनाने के लिए एक अच्छा आधार देता है.
कोटक महिंद्रा बैंक का मॉर्गेज पोर्टफोलियो 30 जून, 2026 तक 15 प्रतिशत बढ़कर 1,50,903 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के अंत में 1,31,792 करोड़ रुपए था. इसमें आगे कहा गया है कि हाइब्रिड होम लोन पूरे भारत में योग्य सैलरी पाने वाले और खुद का काम करने वाले उधारकर्ताओं के लिए उपलब्ध है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More